Gold Silver Price: सोना-चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल, चेक करें ताजा रेट्स

 
Gold-Silver Price 28 november 2025

Gold Silver Price: पिछले एक सप्ताह के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में तेज़ उछाल देखने को मिला है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसलों, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर में कमजोरी के चलते इस सप्ताह कीमती धातुओं में भारी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) पर जहां सोना 13,489 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ, वहीं चांदी में 46,899 रुपये प्रति किलोग्राम की तेज़ी रिकॉर्ड की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार कॉमेक्स (COMEX) पर भी गोल्ड और सिल्वर ने मजबूत बढ़त दिखाई।

MCX पर सोना-चांदी कितनी बढ़ी?

MCX पर पिछले शुक्रवार को सोना 1,42,474 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,87,701 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वहीं, इस सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन सोने का भाव बढ़कर 1,55,963 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 3,34,600 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। इस तरह घरेलू बाजार में महज एक सप्ताह में सोने की कीमत 13,489 रुपये और चांदी की कीमत 46,899 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी उछाल

कॉमेक्स पर पिछले शुक्रवार को गोल्ड 4,603.51 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर 89.945 डॉलर प्रति औंस पर क्लोज हुआ था। इस सप्ताह शुक्रवार को गोल्ड 4,983.10 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर 103.26 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। यानी एक सप्ताह में सोने में 379.59 डॉलर प्रति औंस और चांदी में 13.315 डॉलर प्रति औंस की बढ़त दर्ज की गई।

क्यों बढ़ीं कीमतें?

विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने-चांदी में इस उतार-चढ़ाव की बड़ी वजह भू-राजनीतिक तनाव रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए बयान और 8 यूरोपीय देशों पर 10% टैरिफ लगाने की घोषणा से वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता बढ़ी। इसका सीधा असर सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने और चांदी पर पड़ा।

हालांकि, बाद में ट्रंप के फैसले से पीछे हटने पर एक दिन कीमतों में बड़ी गिरावट भी देखने को मिली। लेकिन इसके बाद डॉलर में कमजोरी, फेडरल रिजर्व पर दबाव और लगातार बने भू-राजनीतिक तनाव के चलते फिर से तेजी लौट आई।