Gold Silver Price: सोना-चांदी के दाम में गिरावट, जान लें आज के ताजा रेट्स

 
gold silver price

Gold Silver Price: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को एक बार फिर कीमती धातुओं के दाम नीचे लुढ़क गए। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर का भाव 2704 रुपये प्रति 10 ग्राम गिरकर 1,21,400 रुपये रुपये पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते पिछले छह कारोबारी सत्रों में से चार दिन सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। यह बीते 9 हफ्तों में पहला ऐसा सप्ताह है जब गोल्ड के रेट में गिरावट आई है।

चांदी में भी बड़ी गिरावट

सोने की तरह चांदी में भी कमजोरी देखी जा रही है। एमसीएक्स सिल्वर फ्यूचर 3,432 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट के साथ 2.3% नीचे आ गया और 1,45,080 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुआ। बीते पांच कारोबारी सत्रों में से चार बार चांदी गिरावट के साथ बंद हुई है। इस दौरान इसकी कीमत में करीब 11.5% की कमी दर्ज की गई है।

गिरावट की वजह

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच 30 अक्टूबर को होने वाली संभावित मुलाकात ने ग्लोबल बुलियन मार्केट में हलचल मचा दी है। निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक रिश्तों में सुधार हो सकता है। इसी आशंका में निवेशकों ने सेफ हेवन एसेट यानी सोने और चांदी से पैसा निकालना शुरू कर दिया है।