खरीद प्रक्रिया को  सुविधाजनक व पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन सजग, गेहूं व सरसों उपज की सुचारु रूप से खरीद करने के दिए निर्देश

 
खरीद प्रक्रिया को  सुविधाजनक व पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन सजग, गेहूं व सरसों उपज की सुचारु रूप से खरीद करने के दिए निर्देश

झज्जर : डीसी स्वप्निल रविंद्र ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ मातनहेल अनाज मंडी का दौरा कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने  छुछकवास मार्ग पर स्थित अनाज भंडारण के गोदामों का निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया को किसानों के लिए सुविधाजनक और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।  उन्होंने खरीद एजेंसियों व संबंधित अधिकारियों को खरीद कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को अपनी उपज बिक्री में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस बार सरकार द्वारा 2585 रुपये गेंहू और 6200 रुपये सरसों प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य लागू किया गया है।

उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड, हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन और अन्य खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे सरसों व गेहूं के खरीद कार्य को लेकर अपनी सभी तैयारियां पूरी रखें ।

डीसी ने खासतौर पर भंडारण (स्टोरेज) की बेहतर योजना  पर जोर दिया, ताकि पीक सीजन के दौरान अनाज की लिफ्टिंग को लेकर किसानों व आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सभी खरीद एजेंसियां अनुमानित आवक का सही अध्ययन कर अपनी रणनीति तैयार करें, ताकि मंडियों में भीड़भाड़ न हो और किसानों को अपनी फसल बेचने में कोई कठिनाई न आए।

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए सभी जरूरी सुविधा प्रदान की जाएं।  इसके अलावा, मंडी में स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली और सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए ।  उन्होंने इस दौरान आढ़तियों व किसानों से भी बातचीत कर समस्याएं सुनी।

गेंहू और सरसों उपज अच्छी तरह सुखाकर बिक्री के लिए लाएं किसान

डीसी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि किसान अपनी उपज को पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों में लाएं, ताकि नमी की समस्या के कारण किसी को परेशानी न हो और खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की रुकावट न आए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से तय मानकों के अनुसार ही खरीद की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मंडियों का निरीक्षण करें और किसानों को किसी भी तरह की असुविधा न होने दें।

इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम झज्जर रवि मीणा आईएएस,   तहसीलदार मातनहेल कृष्ण कुमार, हैफेड से जयप्रकाश, हरियाणा वेयर हाउस से अजय बेनीवाल, मार्किट कमेटी से अमरजीत, नितेश कुमार, दीपक सुहाग मंडी प्रधान रविंद्र सुहाग सहित खरीद एजेंसियों से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।