मंडी में खरीद, गेट पास और फसल उठान की व्यवस्था बेहतर, किसानों को मिल रहे एमएसपी से अधिक भाव : वेदपाल

 
 मंडी में खरीद, गेट पास और फसल उठान की व्यवस्था बेहतर, किसानों को मिल रहे एमएसपी से अधिक भाव : वेदपाल

मंडी की तीन प्रमुख मांगों को पूरा करने के निर्देश, फेंसिंग, टीन शेड और धर्म कांटा का कार्य होगा पूरा

जलभराव की समस्या के समाधान के लिए जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बूस्टर पंप लगाने के निर्देश

फरीदाबाद, 

हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने मंडी में धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि किसानों की सुविधा के लिए खरीद प्रक्रिया, गेट पास और फसल उठान की व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होनी चाहिए। हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के चेयरमैन वेदपाल ने आज बल्लभगढ़ नई अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान उन्होंने खरीद से संबंधित व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यहां गेट पास जारी करने, धान की खरीद और फसल उठान में किसी प्रकार की बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मंडी में व्यवस्थाएं व्यवस्थित ढंग से चल रही हैं और किसानों को उनकी फसल के अच्छे भाव मिल रहे हैं।

चेयरमैन वेदपाल ने मंडी में अधिकारियों एवं संबंधित पक्षों से बातचीत के दौरान सामने आई समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मंडी में फेंसिंग करवाने, टीन शेड का निर्माण कराने तथा धर्म कांटा स्थापित करने की मांग सामने आई है। इन तीनों कार्यों को पूरा करवाया जाएगा। टीन शेड के निर्माण के लिए सीजन के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराया जाएगा, जबकि फेंसिंग और धर्म कांटे से संबंधित कार्य भी सुनिश्चित किए जाएंगे।

उन्होंने मंडी में जलभराव की समस्या पर कहा कि पानी की निकासी के लिए बूस्टर पंप पहले से लगाए गए हैं। यदि आवश्यकता हुई तो अतिरिक्त बूस्टर पंप भी तुरंत उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए और अतिक्रमण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने बताया कि भविष्य में शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ऐप और टोल फ्री नंबर की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।

चेयरमैन वेदपाल ने कहा कि इस बार किसानों को धान की फसल के अच्छे भाव मिल रहे हैं और कई किस्मों की धान एमएसपी से अधिक कीमत पर बिक रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की बेहतर विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय चावल की विदेशों में मांग बढ़ने और निर्यात के अवसर मिलने से किसानों को लाभ हो रहा है। इससे किसान, व्यापारी और मजदूर सहित कृषि से जुड़े सभी वर्गों में खुशी का माहौल है।

उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा, मंडियों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। मंडियों में सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।