झज्जर, 19 नवंबर। जिला में आगामी रबी फसल खरीद सीजन को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने संबंधित अधिकारियों को प्रोक्योरमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इससे पहले डीसी वर्षा खांगवाल ने मुख्य सचिव, हरियाणा के साथ वीसी में मिले दिशा-निर्देशों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सख्त पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक आदित्य कौशिक ने जिला में खरीफ और रबी सीजन के दौरान होने वाली फसलों की खरीद, खरीद प्रक्रिया तथा संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की।
एग्रीस्टैक फार्मर आईडी के लिए किसानों को जागरूक करें अधिकारी
डीसी वर्षा खांगवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी रबी सीजन में गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों की खरीद को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारियां शुरू की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से एग्रीस्टैक आईडी के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जिन किसानों ने अभी तक अपनी एग्रीस्टैक आईडी नहीं बनवाई है, वे जल्द से जल्द इसे बनवा लें। एग्रीस्टैक आईडी और फसल सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने से किसानों को आगामी सीजन में अपनी उपज का पंजीकरण करवाने और सरकारी खरीद व्यवस्था का लाभ लेने में सुविधा होगी।
खरीद केंद्रों पर पर्याप्त भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में किसानों को जागरूक करने तथा पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में फसल खरीद के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डीसी ने फसलों की उचित सफाई नहीं होने (इम्प्रॉपर क्रॉप क्लीनिंग), खरीदी गई फसल के उठान में आने वाली बाधाओं (लिफ्टिंग कंस्ट्रेंट्स) तथा भंडारण क्षमता से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्रों पर फसल की सफाई, समय पर उठान और पर्याप्त भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से संभावित समस्याओं की पहचान कर उनका समय रहते समाधान करें।
डीसी ने एग्रीस्टैक आईडी के प्रभावी क्रियान्वयन, फसल सत्यापन और आगामी सीजन में गेहूं की बिजाई के रकबे तथा संभावित उत्पादन का आकलन करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संभावित उत्पादन के अनुरूप खरीद केंद्रों, उठान और भंडारण की व्यवस्था की योजना तैयार की जाए, ताकि फसल मंडियों में पहुंचने के बाद किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियों के अनुरूप ठोस कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से काम करने के निर्देश दिए।
यह अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा, एसडीएम बहादुरगढ़ अभिनव सिवाच, एसडीएम बेरी रेणुका नांदल, एसडीएम बादली विशाल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी मनवीर सिंह सांगवान, डीएफएससी आदित्य कौशिक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, मार्केट कमेटी, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड,वेयरहाउस, हैफेड सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
--------------------
