मंडियों में खरीद, उठान, परिवहन व श्रमिक व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश
झज्जर, 16 सितंबर
खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के दौरान किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और मंडियों में खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी वर्षा खांगवाल ने जिला की सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों के लिए अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए संबंधित मंडियों की व्यवस्थाओं की निगरानी और खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी है।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने निर्धारित मंडी एवं खरीद केंद्र में खरीद प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें तथा किसानों, आढ़तियों, श्रमिकों और खरीद एजेंसियों से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। मंडियों में फसल की खरीद के साथ-साथ उठान, परिवहन और श्रमिकों की उपलब्धता पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। नियुक्त नोडल अधिकारी मंडी एवं खरीद केंद्र में खरीद प्रक्रिया की समग्र निगरानी करेंगे और नियमित रूप से रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही, मंडियों में सामने आने वाली समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान संबंधित विभागों के समन्वय से सुनिश्चित किया जाएगा।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात
डीसी ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा खरीद प्रक्रिया के दौरान आने वाली शिकायतों के निवारण के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट-सह-अध्यक्ष शिकायत निवारण समिति को भी जिम्मेदारी सौंपी है। ये अधिकारी संबंधित मंडियों में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर नज़र रखने के साथ विभिन्न प्रकार की शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करेंगे। परिवहन, श्रमिकों तथा मंडियों से फसल के उठान से जुड़े मामलों की भी निगरानी की जाएगी।
मंडियों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को मंडियों एवं खरीद केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत सतह का समतलीकरण, अलग प्रवेश एवं निकास द्वार, खरीद केंद्र से मुख्य मार्ग अथवा नजदीकी पक्की सडक़ तक रास्ते की व्यवस्था, कंप्यूटर एवं कर्मचारियों के लिए टेंट अथवा पक्की संरचना, आढ़तियों के बैठने के लिए कुर्सियों सहित उचित स्थान, पेयजल, अस्थायी शौचालय तथा श्रमिकों के लिए बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
एडीसी को जिला स्तर पर समग्र निगरानी की जिम्मेदारी
एडीसी झज्जर को जिले में खरीद प्रक्रिया की समग्र निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक, झज्जर द्वारा सभी मंडियों एवं खरीद केंद्रों से प्राप्त रिपोर्ट का संकलन कर संबंधित अधिकारियों को भेजना सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसानों को निर्बाध एवं सुचारू खरीद व्यवस्था उपलब्ध करवाना है।
