धान व बाजरा उपज का निर्धारित समयावधि में  उठान जरूरी : सीईओ

 
धान व बाजरा उपज का निर्धारित समयावधि में  उठान जरूरी : सीईओ

बाजरा व धान खरीद व्यवस्था को लेकर जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट ने किया मातनहेल मंडी का दौरा

झज्जर, 

खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने और किसानों को मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मंगलवार को  जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट ने  मातनहेल अनाज मंडी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में खरीद व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला परिषद के सीईओ मनीष फोगाट ने कहा कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और फसल की खरीद से जुड़ी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
उन्होंने कहा कि किसानों की उपज की खरीद से लेकर उसके उठान और भंडारण तक सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित की जाए, ताकि खरीद सीजन के दौरान किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने मंडी में फसलों की आवक, खरीद व्यवस्था, भंडारण तथा खरीदी गई उपज के समय पर उठान को लेकर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया।