खरीफ फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू व पारदर्शी रखना प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी
डीसी वर्षा खांगवाल ने झज्जर अनाज मंडी का किया निरीक्षण, किसानों व आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं का लिया फीडबैक
सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित दरों पर खरीद सुनिश्चित करने और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के दिए निर्देश
झज्जर, 13 अक्टूबर
डीसी वर्षा खांगवाल ने मंगलवार को झज्जर अनाज मंडी का जायजा लेते हुए खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया और किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर खरीद व्यवस्था के संबंध में फीडबैक लिया।
डीसी ने कहा कि खरीफ फसलों की खरीद प्रक्रिया को निर्बाध, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकार के निर्देशानुसार निर्धारित दरों पर फसलों की खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और खरीद प्रक्रिया के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी उपज की सुचारू खरीद के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। खरीद प्रक्रिया के दौरान आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानी न हो।
डीसी ने कहा प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और उनकी फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीद, उठान और किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
आढ़ती एसोसिएशन ने जताया संतोष
इस दौरान आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद कुमार ने जिला प्रशासन द्वारा अनाज मंडियों में किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन पूरी तरह से प्रशासन के सहयोगी हैं और किसानों को किसी भी रूप से मंडी में खरीद प्रक्रिया के दौरान व्यवधान नहीं आने दिया जाएगा। वहीं, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन जसबीर सिंह ने कहा कि अनाज मंडी में किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह सजग हैं।
इस अवसर पर एसडीएम झज्जर रवि मीणा सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
