हरियाणा सरकार का बड़ा कदम, फल एवं सब्जियों की कीटनाशक जांच की सुविधा अब बिल्कुल मुफ्त

 
हरियाणा सरकार का बड़ा कदम, फल एवं सब्जियों की कीटनाशक जांच की सुविधा अब बिल्कुल मुफ्त

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि बागवानी किसानों के हित में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उनकी उपज की गुणवत्ता सुधारने और आम जनमानस की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम कर रही है।

 

कृषि मंत्री ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की थी कि प्रदेश के बागवानी किसानों को फल और सब्जियों में कीटनाशक अवशेषों के विश्लेषण की नि:शुल्क जांच सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब यह कदम उसी घोषणा के अनुपालन में उठाया गया है।

 

कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सुविधा उद्यान विभाग हरियाणा की गुणवत्ता जांच प्रयोगशाला सिरसा तथा घरौंडा (करनाल) में प्रदान की जा रही है। एनएबीएल (NABL) द्वारा मान्यता प्राप्त इन प्रयोगशाला में किसान अपनी बागवानी उपज, मिट्टी और पानी के नमूनों की नि:शुल्क जांच करवा सकते हैं।

इस प्रयोगशाला में कुल 10 प्रमुख कीटनाशकों (Metribuzin, Metalaxyl, Chlorpyrifos, Dicofol, Pendimethalin, Penconazole, Profenofos, Lambda-Cyhalothrin, Permethrin एवं Deltamethrin) के अवशेषों का अत्याधुनिक तकनीकों से सटीक विश्लेषण किया जाता है। 

 

मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रदेश के किसानों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि जांच हेतु आवेदन करने के लिए किसानों को मेरी फसल-मेरा ब्योरा पंजीकरण का विवरण, पहचान पत्र के रूप में आधार कार्ड, पैन कार्ड या वोटर आईडी, और अपना मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी प्रयोगशाला में जमा कराना होगा।

नमूने लेने एवं दस्तावेजों की प्रक्रिया के लिए किसान अपने संबंधित जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बागवानी किसान अपनी उपज में कीटनाशकों के सही उपयोग को समझकर गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा में सुधार ला सकें।