मुनीमपुर (झज्जर) के उत्कृष्टता केंद्र में होगा बागवानी और उन्नत तकनीकों पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम
23 अक्टूबर तक करें आवेदन
चंडीगढ़, 19 अक्टूबर - हरियाणा के उद्यान विभाग के अंतर्गत आने वाले "पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केंद्र, मुनीमपुर (झज्जर)" में किसानों के लिए एक विशेष पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी 26 अक्टूबर 2026 से 30 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा, जिसका मुख्य विषय "बागवानी योजनाएं व उन्नत तकनीकों द्वारा फूलों की खेती" पर प्रशिक्षण है। इस प्रशिक्षण सत्र में कुल 10 किसानों को भाग लेने का अवसर मिलेगा।
एक सरकारी प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक किसान उद्यान विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट http://kaushal.hortharyana.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं। पोर्टल पर "पहले आओ-पहले पाओ" के आधार पर सबसे पहले ऑनलाइन नामांकन करवाने वाले 10 किसानों को ही इस प्रशिक्षण में प्राथमिकता दी जाएगी। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर 2026 को दोपहर 02:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
उन्होंने योजना की पात्रता और नियमों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आवेदक का हरियाणा राज्य का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है तथा उसकी आयु 18 वर्ष से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही, एक परिवार से केवल एक ही सदस्य इस प्रशिक्षण के लिए आवेदन कर सकता है। चयनित किए जाने वाले किसानों के नामों की सूची 23 अक्टूबर 2026 को सायं 04:30 बजे तक विभाग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
प्रवक्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि चयनित किसानों को प्रशिक्षण के दौरान अपने साथ आधार कार्ड और परिवार पहचान पत्र की फोटोकॉपी अनिवार्य रूप से लानी होगी। उत्कृष्टता केंद्र द्वारा किसानों के लिए केवल भोजन की व्यवस्था की जाएगी, जबकि रात्रि ठहराव की सुविधा केंद्र पर उपलब्ध नहीं होगी। हरियाणा सरकार किसानों को आधुनिक कृषि और बागवानी की उन्नत तकनीकों से लैस करने के लिए निरंतर इस प्रकार के सार्थक कदम उठा रही है।
