किसानों का एक भी दाना नहीं रहने देंगे, खरीद में नहीं आने दी जाएगी परेशानी:- सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
- सांपला नई अनाज मंडी में धान की ढेरियां का किया निरीक्षण, किसानों की सुनी समस्याएं
- हुड्डा पिता-पुत्र पर साधा निशाना, बोले, अब गढ़ी सांपला-किलोई की जनता की आने लगी याद
रोहतक, 6 अक्टूबर। प्रदेश के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को सांपला की नई अनाज मंडी का दौरा कर धान सहित अन्य फसलों की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंडी में धान की ढेरियों का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से खरीद, उठान और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
डॉ. अरविंद शर्मा ने अधिकारियों से कहा कि मंडी में आने वाले किसान की फसल की खरीद नियमानुसार सुनिश्चित की जाए। खरीद और उठान की व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। उन्होंने कहा कि किसानों का एक भी दाना खरीद से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। सरकार की प्राथमिकता है कि किसान को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. अरविंद शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हुड्डा पिता-पुत्र को अब अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती दिखाई दे रही है, इसलिए उन्हें गढ़ी सांपला-किलोई की जनता की याद आने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय ही कांग्रेस नेताओं को क्षेत्र की जनता याद आती रही है।
डॉ. शर्मा ने दावा किया कि गढ़ी-सांपला-किलोई में राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा भाजपा सरकार को लेकर नॉरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पिछले करीब 12 वर्षों में प्रदेश में हुए विकास कार्य जनता के सामने हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, स्वास्थ्य और दूसरी आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार ने बड़े स्तर पर काम किया है। मेट्रो विस्तार का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेट्रो को आसौदा तक लाने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ी है और सरकार इसे रोहतक तक विस्तार देने के लिए प्रयासरत है।
स्हकारिता मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में बेहतर परिवहन सुविधाएं विकसित होने से लोगों को दिल्ली और एनसीआर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। मंडी दौरे के दौरान डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की तथा उनसे क्षेत्र से जुड़े विषयों पर बातचीत की। इस अवसर पर सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, सांपला मार्केट कमेटी के चेयरमैन उदयभान मलिक, कपिल खत्री, जितेंद्र भारद्वाज, चेयरमैन हरीश कौशिक, बंसी मक्कड़, निजी सचिव सुनील लाकड़ा, विकास, पार्षद अश्वनी और अभिनंदन भारद्वाज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
