हिसार के 11 गांवों में ओलावृष्टि व भारी वर्षा से प्रभावित किसानों के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल 15 अप्रैल तक खुला
Apr 12, 2026, 00:15 IST
हिसार : राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है। यह पोर्टल मार्च/अप्रैल 2025-2026 में हुई ओलावृष्टि एवं भारी वर्षा से हुए रबी फसलों में नुकसान के दावों को अपलोड करने हेतु शुरू किया गया है।
यह जानकारी देते हुए नगराधीश हरिराम ने बताया की राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार गांव तेलनवाली, वीरपुर (कुतिया खेड़ी), घुड़साल, डोभी, चौधरीवाली, खारिया, सलेमगढ़, किरतान, सुंडावास, काबरेल तथा बगला के किसानों के लिए यह पोर्टल 15 अप्रैल तक खुला रहेगा। उन्होंने बताया कि जिन किसानों की फसलों को प्राकृतिक आपदा के कारण नुकसान हुआ है, वे समय रहते अपनी क्षति का विवरण ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर दर्ज करवाएं, ताकि उन्हें निर्धारित मुआवजा मिल सके।
नगराधीश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस संबंध में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान इस सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने किसानों से भी अपील करते हुए कहा कि वे शीघ्रता से अपने दावे दर्ज करवाना सुनिश्चित करें।
