किसानों को बीज उपलब्ध करवाने के लिए बिक्री केंद्र पर वितरण जारी
झज्जर स्थित किसान सदन केंद्र पर पहुंच रहे किसानों को नियमित मिल रहा गेहूं का बीज
झज्जर, 27 अक्टूबर
जिला मुख्यालय पर हरियाणा बीज विकास निगम के बिक्री केंद्र पर किसानों को नियम अनुसार बीज वितरण का कार्य प्रभावी रूप से जारी है। यह जानकारी कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एसएमएस डॉ. देवेंद्र ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि गेहूं के बीज की जिला में कोई कमी नहीं है। किसानों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बीज वितरण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है।
एसएमएस डॉ. देवेंद्र ने बताया कि बिक्री केंद्र पर गत 21 सितंबर से बीज वितरण किया जा रहा है। केंद्र पर किसानों के लिए नौ किस्मों का बीज उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले अधिक बीज प्राप्त हुआ, जिसमें से किसानों को नियमानुसार वितरित किया जा चुका है। फिलहाल उपलब्ध स्टॉक में से 310.80 क्विंटल बीज शेष हैं, जिसका वितरण भी नियमों के अनुसार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों को बीज उपलब्ध करवाने के लिए वितरण प्रक्रिया नियमित रूप से जारी है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बिक्री केंद्र पर पहुंचकर बीज प्राप्त कर रहे हैं। किसानों को खेती के लिए समय पर बीज उपलब्ध करवाना महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से बिक्री केंद्र पर बीज वितरण की व्यवस्था निर्धारित प्रक्रिया के तहत संचालित की जा रही है।
