बारिश की फुव्वारों के बीच डीसी साहिल गुप्ता ने अनाज मंडी में किया बाजरे की खरीद प्रक्रिया का निरीक्षण
मंडी एसोसिएशन प्रधान और किसानों से की बात, मार्केट कमेटी अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
भिवानी, 15 अक्टूबर।
मिसमैच वेरिफिकेशन सही होने के साथ ही मंडी में एकाएक बाजरे की आवक बढऩे के चलते डीसी साहिल गुप्ता गुरुवार को नई अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने बारिश की फुव्वारों के बीच बाजरे की खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान डीसी ने मंडी एसोसिएशन के प्रधान नरेश भूरू से बात कर मंडी में बाजरे की खरीद प्रक्रिया की जानकारी ली और मंडी में किसी भी प्रकार की समस्याओं के बारे में पूछा। इस पर उन्होंने डीसी को बताया कि बाजरे की खरीद सुचारू रूप से हो रही है। डीसी ने बारिश की संभावना के चलते बाजरे को तिरपाल से ढक्कने के निर्देश दिए। वहीं डीसी ने मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की दिक्तत नहीं आनी चाहिए। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने कहा कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्तत नहीं आने दी जाएगी। किसानों की सुविधा के लिए दो की बजाय चार बॉयोमिट्रिक मशीन लगाई हैं। इसी प्रकार से गेट के पास के लिए दो आईडी कार्य कर रही हैं। डीसी ने कहा कि मार्केट कमेटी अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मंडी में किसानों के लिए भोजन के लिए कैंटीन, सफाई व्यवस्था व पेयजल आदि सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से हों।
मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान ने डीसी को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह- एक साथ किसान बाजारा लेकर आने के चलते एक बार थोड़ी से देर के लिए वाहनों की संख्या अधिक होत जाती है, लेकिन कुछ ही समय में वाहन मंडी में आ जाते हैं। उन्होंने डीसी को बताया कि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। मंडी में स्थिति सामान्य है।
उन्होंने बताया कि मंडी में अब तक एक लाख 14 हजार 420 क्विंटल बाजरे की आवक हो चुकी है, जिसमें से 62 हजार 620 क्विंटल की खरीद हो चुकी है। आठ से दस क्विंटल बाजरे का उठान प्रतिदिन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसान को 2301 रुपए से लेकर 2450 रुपए प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। सरकार द्वारा 2900 रुपए एमएसपी निर्धारित किया हुआ है। भावांतर भरपाई के लिए किसान को 600 रुपए प्रति क्विंटल सरकार द्वारा दिए जाएंगे। इस दौरान जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी व मार्केट कमेटी सहायक सचिव अनिल कुमार सहित अनेक आढ़ती व किसान मौजूद रहे।
