कृषि मंत्री ने मंडियों में खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 
कृषि मंत्री ने मंडियों में खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार फसल का एक-एक दाना खरीदने को प्रतिबद्ध  - श्याम सिंह राणा

चंडीगढ़, 

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि मंत्री शुक्रवार को महेंद्रगढ़ जिले की नांगल चौधरी, नारनौल और अटेली अनाज मंडियों के दौरे के दौरान लोगों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य देती है। अगर इससे कम भाव में फसल मंडी में बिकती है तो सरकार भावांतर भरपाई योजना से उसकी भरपाई करती है और किसानों का दाना-दाना सरकार खरीद रही है।

कृषि मंत्री ने खरीफ सीजन की फसल खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मंडियों में फसल की आवक, खरीद, उठान और भुगतान की स्थिति की विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने मौके पर मौजूद मार्केट कमेटी के अधिकारियों और कर्मचारियों से खरीद व्यवस्थाओं के बारे में पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने किसानों और आढ़तियों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।

श्री राणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को मंडियों में किसी भी प्रकार की परेशानी नही होनी चाहिए।

इस अवसर पर एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, एसडीएम नारनौल गुरविंदर सिंह, नगर परिषद चेयरमैन कमलेश सैनी, मार्केट कमेटी चेयरमैन रमाशंकर शर्मा के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।