सिरसा, 27 अक्टूबर।
जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 26 अक्टूबर तक कुल 1,43,023 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने 47,318 मीट्रिक टन, हैफेड ने 68,198 मीट्रिक टन तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन ने 27,507 मीट्रिक टन धान की खरीद की है। वहीं, मंडियों से अब तक कुल 84,875 मीट्रिक टन धान का उठान किया जा चुका है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने बताया कि धान खरीद प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 17,310 किसान लाभान्वित हुए हैं। इनमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के माध्यम से 5,297, हैफेड के माध्यम से 9,746 तथा हरियाणा स्टेट वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से 2,267 किसान लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि मंडीवार खरीद अनुसार कालांवाली अनाज मंडी में कुल 33,759 मीट्रिक टन, डबवाली में 19,385 मीट्रिक टन, सिरसा में 10,893 मीट्रिक टन, रानियां में 6,271 मीट्रिक टन, ऐलनाबाद में 5,960 मीट्रिक टन, रोड़ी में 8,700 मीट्रिक टन तथा देसूजोधा मंडी में 3,972 मीट्रिक टन धान की खरीद दर्ज की गई है। इसके अतिरिक्त जिले की अन्य मंडियों में भी धान की खरीद जारी है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप ही मंडियों में अपनी फसल लेकर आएं, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके
