कृषि मंत्री ने हथीन, होडल, हसनपुर और पलवल अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
किसानों को सुविधाएं और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, मंडियों में नहीं होने दी जाएगी कोई परेशानी
चण्डीगढ, 9 नवंबर
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने जिला की हथीन, होडल, हसनपुर और पलवल अनाज मंडियों का दौरा कर चालू फसल खरीद सीजन के दौरान किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर फसल खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की मेहनत और उनकी उपज का पूरा सम्मान करती है। सरकार का लक्ष्य किसानों की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित करना है। किसानों को सुविधाएं, सम्मान और उनके आर्थिक हितों की सुरक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल लेकर पहुंचने वाले किसानों के गेट पास बनवाने से लेकर फसल बेचने, माप-तौल, उठान और भुगतान करने तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें।
मंडियों में विकास कार्यों और किसानों की मांगों पर की चर्चा
कृषि मंत्री ने सभी मंडियों में खरीद आवक, उठान प्रक्रिया, किसानों की समस्याओं और विकास कार्यों से संबंधित मांगों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसानों की फसल का उचित मूल्य दिलाने और मंडियों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने हथीन व पलवल अनाज मंडी की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया।
कृषि मंत्री ने मंडियों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और किसानों की मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्य संबंधी समस्याओं को लिखित में दे, ताकि उनका निदान तत्काल किया जा सके।
किसानों को बाजरा खरीद पर एमएसपी और भावांतर योजना का मिलेगा लाभ
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बाजरा खरीद और भावांतर योजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। यदि बाजार में बाजरे की बिक्री इससे अधिक भाव पर होती है तो किसानों को बाजार भाव का लाभ मिलेगा। वहीं निर्धारित एमएसपी से कम भाव मिलने की स्थिति में भावांतर योजना के तहत किसानों को अंतर की भरपाई की जाएगी।
इस दौरान हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल, एसडीएम हरीराम, एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह, मार्केट कमेटी पलवल के चेयरमैन पंकज विरमानी, कृषि उपनिदेशक डॉ. जगिर, चेयरमैन जगविंदर सिंह सहित एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
