सुपवा की फिल्म को मिला स्पेशल ज्यूरी अवार्ड, मुंबई फिल्म फेस्टिवल में मिला सम्मान

 
Supwa's film receives Special Jury Award
15 मार्च 2026, रोहतक: दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) के द्वारा बनाई गई शॉर्ट फिल्म को मुंबई में आयोजित 13वें कट.इन (Cut.In) फिल्म फेस्टिवल में स्पेशल ज्यूरी अवार्ड से नवाजा गया है। करीब 13 मिनट की फिल्म ‘ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड’ का निर्देशन डीएलसीसुपवा के छात्र चमन रमेश कृष्ण ने किया है। यह फिल्म बचपन, स्थान व भावनाओं के संदर्भ में खोने की अनुभूति को जीवंत करती नजर आती है।

13वें कट.इन (Cut.In) स्टूडेंट्स फिल्म फेस्टिवल, 2026 का आयोजन टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसिज, मुंबई (टीआईएसएस) द्वारा द स्कूल ऑफ मीडिया एंड कल्चरल स्टडीज, चेंबूर में किया गया। यहां अवार्ड जीत कर लौटे छात्र निर्देशक चमन रमेश कृष्ण व उनके सहयोगी छात्रों ने डीएलसीसुपवा के कुलगुरु डॉ अमित आर्य, रजिस्ट्रार डॉ गुंजन मलिक मनोचा व अन्य स्टाफ से मुलाकात की। 

इस अवार्ड के लिए तमाम स्टाफ व यूनिवर्सिटी में फिल्म एवं टेलीविजन के छात्रों के मिल रही विश्व स्तरीय सुविधाओं के लिए आभार जताया। डॉ आर्य ने कहा कि यह सुपवा परिवार के लिए गर्व की बात है कि यहां बनी फिल्में देश-दुनिया में अवार्ड जीत रही हैं। कोई भी ऐसा फिल्म फेस्टिवल नहीं है, जहां सुपवा की फिल्मों की स्क्रीनिंग न होती हो और फिर वे अवार्ड हासिल किए बिना ही आती हों। लगातार मिल रहे अवार्ड हमारे छात्रों व यूनिवर्सिटी फैकेल्टी की हौसला अफजाई कर रहे हैं।

सुपवा के 2018 बैच के छात्र व निर्देशक चमन रमेश कृष्ण ने बताया कि ‘ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड’ (हरे पत्ते के रंग की पतरंगी और कहीं खो गया नाम का लड़का) ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता साहित्यकार विनोद कुमार शुल्क की कहानी का दृश्यात्मक चित्रण है। इस फिल्म से ही 13वें कट.इन (Cut.In) स्टूडेंट्स फिल्म फेस्टिवल, 2026 का आगाज हुआ था। यह एक प्रायोगिक फिल्म है, जिसकी प्रस्तुति पर जादुई यथार्थवाद का स्पष्ट प्रभाव है। 

साहित्य से अनुकूलित, फिल्म की कथा शैली भी प्रायोगिकता का हिस्सा है। इस फिल्म को तैयार करने में तमाम योगदान सुपवा के छात्रों का ही रहा। इसके सिनेमेटोग्राफर सन्नी सोहल, साउंड प्रणव मंगला, एडिटर आशीष पटेल, कॉस्ट्यूम अर्चित डबास व नैंसी नेगी, आर्ट विपिन कुमार, कलर सलिक वगास, प्रॉडक्शन डिजाइनर सचिन हाडा रहे। जबकि अदाकारी कोमल, चंदन व चमन राजौरा ने निभाई।