एक अकेला चल रहा

 
एक अकेला चल रहा

एक अकेला चल रहा, लेकर सत्य विचार। 

झुंड बनाकर लोग भी, करते उस पर वार॥

 

कितना ऊँचा कद हुआ, जिसका इतना मान। 

नीचा करने के लिए, जुटे कई इंसान॥

 

सिंह अकेला वन चले, गीदड़ चलते साथ। 

शक्ति नहीं संख्या बड़ी, साहस सच्ची बात॥

जिसकी ऊँची सोच है, जिसका ऊँचा मान। 

उसे गिराने में लगे, छोटे-छोटे प्राण॥

भीड़ हमेशा शोर से, करती अपना काम। 

सच्चाई खामोश है, फिर भी ऊँचा नाम॥

पत्थर फेंके लोग जब, रखना धीरज साख। 

ऊँचे पर्वत पर सदा, पड़ते पत्थर लाख॥

नीचा कहने से कभी, ऊँचा होता कौन। 

दर्पण धूमिल कर दिया, चेहरा कहता मौन॥

सत्य अकेला ही सही, झूठे खड़े हज़ार।

अंत समय में सत्य की, होती जय-जयकार॥

अपनी राह न छोड़ना, चाहे आए बाध। 

भीड़ देखकर मत बदल, अपने मन के साध॥

जो सम्मानित हो रहा, उससे जलते लोग। 

दीपक की लौ देखकर, बढ़ता तम का रोग॥

झुंड बनाकर वार जो, करते बारंबार। 

उनके मन में भय छिपा, बाहर दिखे प्रहार॥

जिसका मन मजबूत है, अडिग रहे विश्वास। 

आँधी उसको क्या करे, जिसके जड़ में आस॥

खुद को ऊँचा कर चलो, मत गिराओ और।

सच्ची ऊँचाई वही, जहाँ प्रेम की डोर॥

लाख विरोधी सामने, मन में रख विश्वास। 

सूरज को रोकें भला, कैसे ये आकाश॥

मौन रहो, कमजोर मत, समझे जग संसार। 

शांत नदी के गर्भ में, बहती शक्ति अपार॥

जिसे झुकाना चाहते, झुकता नहीं महान। 

भीड़ खड़ी हो सामने, अडिग रहे इंसान॥