Royal Enfield Bullet 350 में क्या है खास? जो लड़कों को बनाता है दीवाना; यहां जानें फीचर्स

 
Royal Enfield Bullet 350 में क्या है खास? जो लड़कों को बनाता है दीवाना; यहां जानें फीचर्स
Royal Enfield Bullet 350 : नई बुलेट 350 में नया इंजन और पॉपुलर जे-प्लैटफॉर्म के साथ ही काफी कुछ नया देखने को मिलता है और कंपनी ने न्यू एज राइडर्स की जरूरतों को देखते हुए इसे बेहतर रूप में पेश किया, जिसे बुलेट लवर्स खूब पसंद भी कर रहे हैं। तो आइये आज हम आपको बुलेट 350 की लुक-फीचर्स और अहम बदलावों के साथ ही पावर-परफॉर्मेंस और राइडिंग एक्सपीरियंस के बारे में हम आपको सारी जानकारी देंगे।

नई बुलेट 350 में क्या कुछ नए एलिमेंट्स जोड़े गए

नई रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 का ब्लैक गोल्ड मॉडल चलाया, जो कि टॉप वेरिएंट है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह बाकी वेरिएंट से देखने में अलग और आकर्षक है। इसमें मैट फिनिश मिलता है और फ्यूल टैंक पर आकर्षक स्ट्राइप्स के साथ लुक और ज्यादा निखर जाता है। आपका जानने का मन करेगा कि आखिरकार नई बुलेट 350 में क्या कुछ नए एलिमेंट्स जोड़े गए हैं तो आपको बता दें कि इसमें क्लासिक बुलेट डिजाइन को बरकरार रखा गया है, जिसमें टियरड्रॉप-शेप के फ्यूल टैंक के साथ ही लॉन्ग फ्लोटिंग लाइन्स और स्ट्रेट राइडिंग पोश्चर शामिल हैं। नई बुलेट 350 में काफी कुछ क्लासिक 350 से मिलता जुलता है। इसमें स्पोक व्हील और ट्यूब टायर के साथ ही फ्रंट में टेलिस्कोपिक सस्पेंशन मिलता है। पुरानी बुलेट की तरह ही इसमें टाइगर लैंप को बरकरार रखा गया है। बाद बाकी इसमें हैलोजन हेडलाइट और बल्ब टेललाइट के साथ ही टर्न इंडिकेटर मिलते हैं। नई बुलेट में काफी सारे पार्ट्स मेटल के हैं, जिससे यह काफी मजबूत लगती है।

कंफर्ट पर जोर

नई बुलेट में कंफर्ट पर खास जोर दिया है। इसमें सिंगल सीट सेटअप मिलता है, जो कि काफी कंफर्टेबल है। पीलियन राइडर के लिए बैक सपोर्ट दिया गया है। बाद बाकी इसमें आप बैट सपोर्ट के लिए ऐक्सेसरीज भी ले सकते हैं। इस बाइक के फूट पेग्स भी काफी अच्छे हैं, जिससे आपके पैर को काफी अच्छा सपोर्ट मिलता है।

फीचर्स भी नए

रॉयल एनफील्ड की नई बुलेट 350 में कुछ नए फीचर्स भी जोड़े गए हैं। इसमें क्लासिक स्पीडोमीटर के साथ छोटी सी एमआईडी दी गई है, जिसमें फ्यूल गेज और राइडिंग मोड समेत काफी सारी जानकारियां मिल जाती हैं। कंपनी ने इसमें एक छोसी सी जगह भी रखी है, जिसमें ट्रिपर नैविगेशन लगाने का ऑप्शन मिलता है और आप ऐक्सेसरीज के तौर पर इस बाइक में लगवा सकते हैं। नई बुलेट में क्लासिक 350 जैसे स्टार्ट स्विच और कंट्रोल्स बटन दिए गए हैं, जिससे चलाते वक्त काफी आसानी मिलता है। नई बुलेट 350 ब्लैक में डुअल चैनल एबीएस के साथ ही दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक्स मिलते हैं। इसके फ्रंट में 19 इंच और रियर में 18 इंच के ट्यूब टायर मिल जाते हैं।

बेहतर इंजन और शोर-वाइब्रेशन कम

नई रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 की सबसे खास बात इसका नया इंजन है। इस पॉपुलर मोटरसाइकल में क्लासिक 350 की तरह ही नया इंजन दिया गया है,जो कि 349 सीसी का एयर ऑयल कूल्ड सिंगल सिलिंडर 4 स्ट्रोक इंजन दिया गया है, जो कि 6100 आरपीएम पर 20.2 बीएचपी की मैक्सिमम पावर और 4000 आरपीएम पर 27 न्यूटन मीटर का पिक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ 5 स्पीड गियरबॉक्स मिलता है। यह बाइक E20 फ्यूल कंप्लायंट है। अब बुलेट 350 के इंजन के परफॉर्मेंस की बात करें तो इसके नए इंजन में नॉयज, वाइब्रेशन और हार्शनेस (NVH) पर बेहतर काम किया गया है।

बेहतर कंट्रोल और अच्छी माइलेज

हमने हाइवे पर 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से नई बुलेट 350 को भगाया और इस दौरान इस बाइक पर कंट्रोल काफी जबरदस्त रहा। स्टैबिलिटी के साथ ही कंट्रोल के मामले में बुलेट 350 अच्छी है और आप जब चलाते हैं तो महसूस होता है। माइलेज की बात करें तो अलग-अलग रोड कंडिशन में इसकी माइलेज 30 से 35 किलोमीटर प्रति लीटर की है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि बेहतर और रिफाइन्ड इंजन की वजह से नई बुलेट 350 काफी बेहतर हो गई और धांसू परफॉर्मेंस के साथ ही अच्छी राइडिंग पोजिशन की वजह से आपको इस बाइक पर बैठकर काफी अच्छा महसूस होता है और चलाना उतना ही आसान और मजेदार।

चलाने में ज्यादा मजा आता है

नई रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 चलाने में पुराने मॉडल के मुकाबले काफी बेहतर हो गई है। नई बुलेट 350 में राइडिंग पोश्चर का खास खयाल रखा गया है। इस बाइक को हमने सिटी और हाइवे पर 2000 किलोमीटर से ज्यादा चलाया और सच बताएं तो किसी भी रोड कंडिशन में इस बाइक को चलाने का अनुभव काफी अच्छा रहा। ब्रेक और सस्पेंशन रिस्पॉन्स काफी अच्छा है और आपको चलाते समय फील होता है। हैंडलबार की पोजिशनिंग थोड़ी ऊंची रखी गई है और जब आप यह बाइक चला रहे होते हैं तो पुरानी बुलेट के मुकाबले फर्क पूरी तरह पता चलता है। इसकी सीट हाइट 805 एमएम है, जिससे छोटी हाइट वाले लोग भी इसे कंफर्टेबल पोजिशन में चला सकते हैं।

क्या ‘बुलेट मेरी जान’ बनेगी, जानें फैसला

आपको बता दें कि बुलेट अभी भी लोगों के दिलों पर राज करती है और इसी वजह से अपडेटेड बुलेट की बिक्री में भी तेजी देखने को मिली है। यह क्लासिक 350 के बाद रॉयल एनफील्ड की दूसरी सबसे ज्यादा बिकने वाली मोटरसाइकल है। बुलेट का क्रेज अलग लेवल का है और 350 सीसी सेगमेंट बाइक लवर्स के दिलों में इसका एक अलग ही स्थान है। इसकी एक्स शोरूम प्राइस 1.74 लाख रुपये से लेकर 2.18 लाख रुपये तक है। नई बुलेट 350 क्लासिक डिजाइन और मॉडर्न टेक्नॉलजी के साथ और बेहतरीन हो गई है। यह मोटरसाइकल उन लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जो एक आरामदायक और स्टाइलिश सवारी की तलाश में हैं। आप सिटी की भीड़भाड़ में 190 किलोग्राम से ज्यादा वजनी इस बाइक को आसानी से चला सकते हैं। वहीं, हाइवे पर और ज्यादा कॉन्फिडेंस मिलता है। आप अगर 2.50 लाख रुपये तक की प्राइस रेंज में अच्छी मोटरसाइकल देख रहे हैं तो निश्चित रूप से बुलेट 350 पर दांव लगा सकते हैं और बुलेट मेरी जान कह सकते हैं।