Wedding Card: दूल्हे ने शादी के कार्ड पर छपवा दिया QR कोड, सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

 
wedding card
 

Wedding Card: सोशल मीडिया पर शादी का एक कार्ड खूब वायरल हो रहा है। इस कार्ड में सिर्फ शादी की जानकारी नहीं है बल्कि एक क्यूआर कोड भी छपा हुआ है। इस कोड को स्कैन करने पर शादी करने वाले व्यक्ति की UPI आईडी ओपन होती है। इसके जरिए शगुन और मुंह दिखाई की रस्म पूरी की जा सकती है। कार्ड छपवाने वाले व्यक्ति का कहना है कि क्यूआर कोड कार्ड पर छपवा दिया है इस वजह से रिश्तेदारों के लिए शादी में आना जरूरी नहीं होगा।

ये घटना बागपत के दोघट थाना क्षेत्र की है। यहां कस्बा निवासी एक युवक ने शादी की रस्मों को तकनीक से जोड़ते हुए अनोखी पहल शुरु की है। इसका उद्देश्य सड़क हादसों को रोकने के प्रति लोगों को जागरुक करना है। 

ऑनलाइन होगा कन्यादान
दोघट कस्बा निवासी आकाश बाल्मीकि ने अपनी बहन और अपनी शादी के कार्ड पर क्यूआर कोड छपवाया है। आकाश ने बताया कि उसकी बहन की शादी 7 फरवरी और 8 फरवरी को उसकी खुद की शादी है। दोनों शादियों के कार्ड पर छपे क्यूआर कोड के माध्यम से अब कन्यादान और दुल्हन की मुंह दिखाई का शगुन भेजा सकेगा।

 आकाश का कहना है कि शादी-विवाह के अवसर पर रिश्तेदार और परिचित अक्सर दूर-दराज से समारोह में शामिल होने के लिए यात्रा करते हैं। इस दौरान कई बार सड़क हादसे हो जाते हैं, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल जाता है। इसी समस्या को देखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया, ताकि दूर रहने वाले रिश्तेदार बिना यात्रा किए सुरक्षित तरीके से अपनी शुभकामनाएं और शगुन भेज सकें।


फिजूल खर्च बचाने की पहल
आकाश का कहना है कि जो रिश्तेदार शादी में नहीं आ सकते हैं वह क्यूआर को स्कैन करके ऑनलाइन कन्यादान या मुंह दिखाई का शगुन भेज सकते है।

 आकाश ने पंजाब, चंडीगढ़, पानीपत समेत अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में रिश्तेदारों को व्हाट्सएप के माध्यम से डिजिटल कार्ड भेजे हैं, जबकि आसपास के इलाकों में कार्ड स्वयं जाकर वितरित किए हैं। इस अनोखी सोच की क्षेत्र में काफी सराहना हो रही है।