केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा कल भारत मंडपम में ‘जोश’ (JOSH) टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ का नेतृत्व करेंगे
केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जोश (JOSH) टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ में शामिल होंगे
टीबी मुक्त भारत के लिए युवाओं के नेतृत्व में सामुदायिक लामबंदी को मजबूत करने के लिए पहले चरण में 11 राज्यों के 55 जिलों में जोश (JOSH) टीमों की शुरुआत की जाएगी
जोश (JOSH) टीमें टीबी मुक्त भारत का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचाएंगी; प्रथम श्रेणी के अधिकारी, माई भारत(MY Bharat) स्वयंसेवक और एनसीसी कैडेट सामुदायिक सहभागिता का नेतृत्व करेंगे
जोश (JOSH) टीमें भारत के टीबी उन्मूलन प्रयासों में जमीनी स्तर की भागीदारी को मजबूत करेंगी; वर्ष 2025 में 697 जिलों की 67,933 पंचायतों को टीबी मुक्त के रूप में मान्यता दिए जाने के प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा
यह पहल टीबी के खिलाफ लड़ाई में स्वास्थ्य, युवा और रक्षा नेटवर्क को एकजुट करके ‘संपूर्ण सरकार’ और ‘संपूर्ण समाज’ के दृष्टिकोण को दर्शाती है
प्रविष्टि तिथि: 07 OCT 2026 10:05AM by PIB Delhi
भारत में तपेदिक (टीबी) के खिलाफ लड़ाई में सामुदायिक भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय के सहयोग से 8 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में जोश (JOSH-जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों का शुभारंभ करेगा। पहले चरण में, युवाओं के नेतृत्व में सामुदायिक लामबंदी को मजबूत करने और 'टीबी मुक्त भारत' का संदेश जमीनी स्तर तक पहुंचाने के उद्देश्य से 11 राज्यों के 55 जिलों में 'जोश' टीमों की शुरुआत की जाएगी।
केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा, डॉ. मनसुख मांडविया, केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री; रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की उपस्थिति में 'जोश' टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ का नेतृत्व करेंगे। इस कार्यक्रम में संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी एवं हितधारकों के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधि, प्रथम श्रेणी के अधिकारी, माई भारत स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट और भारत के टीबी उन्मूलन प्रयासों से जुड़े अन्य हितधारक एक साथ शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाने वाला एक उपलब्धि वीडियो प्रदर्शित किया जाएगा, जिसके बाद 'जोश' टीमों का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा।इसके साथ ही, ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के लिए नई सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री भी जारी की जाएगी। इस आयोजन के दौरान टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय प्रयासों में जन जागरूकता, सामुदायिक जुड़ाव और भागीदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से एक एआई-संचालित चैटबॉट 'खुशी अवतार' का भी शुभारंभ किया जाएगा।
