74 km लंबे जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का होगा निर्माण, सरकार ने करोड़ों के बजट को दी मंजूरी

 
74 km लंबे जेवर लिंक एक्सप्रेसवे का होगा निर्माण, सरकार ने करोड़ों के बजट को दी मंजूरी

Jewar Link Expressway : देश में यातायात को बढ़ावा देने और आसान बनाने के लिए सरकार द्वारा हर दिन नये हाइवै और एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है। इसी के चलते जेवर लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बजट का रास्ता साफ हो गया है। जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने जेवर लिंक समेत चार नए एक्सप्रेसवे के लिए 17542 करोड़ के बजट को मंजूरी दे दी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लिंक एक्सप्रेसवे की भूमि अधिग्रहण और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को पूरा कर जल्द निर्माण शुरू कराने के आदेश दिए।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) गंगा और यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए 74.3 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण करेगा। यह यमुना एक्सप्रेसवे पर फिल्म सिटी के नजदीक से शुरू होकर बुलंदशहर के स्याना के पास गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा।

इस लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बुलंदशहर जिला प्रशासन और यमुना प्राधिकरण भूमि खरीद कर रहे हैं। जैसा की बताया जा रहा है यीडा क्षेत्र में अब तक 95 प्रतिशत तक भूमि खरीदी जा चुकी है। यमुना प्राधिकरण के जिम्मे 740 एकड़ जमीन खरीदनी थी। इसमें से सिर्फ 33 एकड़ भूमि खरीदनी बाकी है। जानकारी के मुताबिक, लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को लेकर यूपीडा पूर्व में ही टेंडर जारी कर चुका है। इन चारों लिंक एक्सप्रेसवे पर कुल अनुमानित लागत 17542 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यूपी कैबिनेट ने इसे मंजूरी दे दी है।

जानकारी के अनुसार, इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य विकासकर्ताओं के चयन के बाद लगभग तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद पांच वर्षों तक इनके अनुरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इस परियोजना के निर्माण और अनुरक्षण पर होने वाला कुल संभावित व्यय राज्य सरकार वहन करेगी। इस प्रस्ताव में केंद्र सरकार की किसी प्रकार की वित्तीय भागीदारी अपेक्षित नहीं है। इसके अलावा विकासकर्ताओं का चयन न्यूनतम वित्तीय प्रस्ताव प्रस्तुत करने वाले निविदाकर्ताओं के आधार पर किया गया है।