हरियाणा के गुरुग्राम से रेवाड़ी फर्राटेदार होगा सफर, जल्द मिलेगी 2 नए फ्लाईओवर की सौगात

 
हरियाणा के गुरुग्राम से रेवाड़ी फर्राटेदार होगा सफर, जल्द मिलेगी 2 नए फ्लाईओवर की सौगात

  

दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH-48) पर सफर करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। बता दें कि इस हाइवे पर लंबे समय से बिलासपुर और राठीवास में ट्रैफिक जाम की जकड़न झेल रहे लोगों को राहत मिलने जा रही है। इन दोनों जगहों पर फ्लाईओवर निर्माण कार्य लगभग पूरा होने की कगार पर है और अगले महीने से वाहनों के लिए खोले जाने की पूरी उम्मीद है।

मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर फ्लाईओवर का दिल्ली- जयपुर हाईवे वाला एक हिस्सा अक्टूबर में शुरू होगा, जबकि राठीवास फ्लाईओवर के दोनों हिस्से भी अक्टूबर में खोलने की तैयारी है।

निर्माण कार्य बड़ी चुनौती 

बिलासपुर चौक की बात करें तो यहां कई दिशाओं से आने वाली सड़कें हाइवे पर जुड़ती है। यातायात के भारी दबाव के बीच निर्माण कार्य करना चुनौतीपूर्ण है। फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते अक्सर यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है और दो मिनट की दूरी तय करने में एक घंटे तक का समय लग रहा है। हालांकि, इन सबके बावजूद फ्लाईओवर निर्माण कार्य निर्धारित समय पर पूरा होने की संभावना है। 

इस फ्लाईओवर का एक हिस्सा अगले महीने यानी अक्टूबर महीने में वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। एक हिस्सा शुरू होने पर लोगों को काफी हद तक ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। फ्लाईओवर का एक हिस्सा शुरू होने के बाद लंबी दूरी के वाहनों को बिलासपुर चौक पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वहीं, पूरे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य इस साल के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। 

वहीं, राठीवास फ्लाईओवर के दोनों हिस्सों को अक्टूबर महीने से स्थायी रूप से खोल दिया जाएगा। इससे राठीवास चौक पर हाईवे के सीधे यातायात को अलग मार्ग मिलने की उम्मीद है। दोनों जगहों पर फ्लाईओवर शुरू होने से गुरुग्राम से रेवाड़ी का सफर आसान हो जाएगा। वर्तमान में 55 किलोमीटर लंबे इस रास्ते को तय करने में लगभग 1 घंटे का समय लगता है लेकिन ट्रैफिक जाम के चलते यह समय बढ़कर 2 घंटे तक पहुंच जाता है। ऐसे में दोनों फ्लाईओवर शुरू होने पर गुरुग्राम से रेवाड़ी का सफर करने वालों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी।