नई कार- बाइक खरीदने से पहले पढ़ें ये खबर, वाहन बीमा नियमों को लेकर सुप्रीम कोर्ट का नया आदेश जारी
नई गाड़ी या बाईक खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए एक नई अपडेट सामने आई है। बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने नए वाहनों के लिए थर्ड पार्टी इंश्योरेंस को लेकर नए निर्देश दिए हैं। पहली नजर में आपको यह बदलाव सिर्फ बीमा से जुड़ा लग सकता है लेकिन इसका सीधा असर जेब और फाइनेंशियल प्लानिंग दोनों पर देखनें को मिलेगा।
इससे न केवल नया वाहन खरीदने की लागत में वृद्धि होगी बल्कि लंबे समय तक मिलने वाले बीमा कवर पर भी इसका असर दिखाई दे सकता है।
सुप्रीम कोर्ट का नया आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने कारों और दोपहिया वाहनों के लिए अनिवार्य थर्ड पार्टी बीमा कवर की अवधि बढ़ाने संबंधी निर्देश में कहा है कि अब नई कारों को 4 साल और नई बाइक्स को 6 साल के थर्ड पार्टी बीमा कवर के साथ बेचा जाएगा। कोर्ट ने नए वाहनों के लिए लंबे समय तक थर्ड पार्टी बीमा कवर सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
बता दें कि अभी तक नई कार खरीदने वालों के लिए 3 साल और दोपहिया वाहन खरीदने वालों के लिए 5 साल का थर्ड पार्टी बीमा अनिवार्य था। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि बड़ी संख्या में बिना वैध बीमा के वाहन सड़कों पर चल रहे हैं, इसलिए बीमा की अवधि बढ़ाना जरूरी है। सुप्रीम कोर्ट ने तर्क दिया है कि इससे 'मोटर वाहन कानून' के तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को मुआवजा मिलने में आसानी होगी।
क्या है थर्ड पार्टी इंश्योरेंस?
यदि आपकी गाड़ी से किसी व्यक्ति, उसके वाहन या उसकी संपत्ति को नुक्सान पहुंचता है तो उसकी भरपाई बीमा कंपनी करती है। इसे ही थर्ड पार्टी इंश्योरेंस कहते हैं।
