Rajasthan News: राजस्थान में अचानक फट गई धरती, निकलने लगा क्रूड ऑयल, डर के साये में किसान
कंपनी के लोगों के मुताबिक अभी इसकी जांच की जा रही है कि क्रूड ऑयल कहां से लीकेज हो रहा है। जल्द ही इसका हल निकाल लिया जाएगा। दूसरी ओर खेत मालिक और किसानों को कहना है कि ऑयल फील्ड के आसपास कहीं ज्वलनशील गैस तो कहीं पर ट्यूबवेल में भी पानी के साथ क्रूड ऑयल निकल रहा है। इससे लोग क्रूड ऑयल वाला पानी पीने के लिए मजबूर है।
रात के समय कंपनी के लोग क्रूड ऑयल का प्रेशर बनाने के लिए धमाका करते हैं। इससे आसपास के घरों दरारें आ रही है। गांव के कई घरों को इससे नुकसान हो रहा है।
खेत के मालिक हरजीराम के अनुसार 3 दिन से यही हाल है। लगातार उसके खेत से क्रूड ऑयल निकल रहा है। कंपनी के लोगों को मालूम नहीं कि आखिर क्रूड ऑयल कहां से लीक हो रहा है। अगर लगातार ऐसे ही खेत से क्रूड ऑयल निकलता रहा तो खेत की जमीन बंजर हो जाएगी।
हरजीराम का कहना है कि जो भी जमीन थी, वो कंपनी को दे चुके हैं। थोड़ी बहुत जमीन खेती के लिए बचाकर रखी थी। पिछले साल इसी जमीन से 50 बोरी बाजरा हुआ था। अब जिस तरह से खेत की जमीन से क्रूड ऑयल निकल रहा है तो अगली बार इस जमीन से कुछ उगने वाला नहीं है। ब्लास्ट की वजह से पानी के टांकों में दरारें आ गई है।
'ब्लास्ट से कंपन ऐसा, मानां भूकंप आया हो'
इसके अलावा क्रूड ऑयल घर में बने टांकों में मिश्रित हो रहा है। हरजीराम का कहना है कि आए दिन धमाकों की वजह मकान जर्जर हो रहे हैं। 50 की उम्र तक मैं 3 मकान बना चुका हूं। अगर इस तरह ही मकानों में दरारें आई तो कैसे रह पाएंगे। रात में धमाकों की वजह से कंपन इतना तेज होता है कि जैसे कोई भूंकप आया हो। लोग घरों में सोने से भी डर रहे हैं।
पूरे मामले को लेकर कंपनी के अफसरों ने क्या कहा?
इस घटना को लेकर कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि 23 फरवरी 2026 को ऐश्वर्या वेलपैड 8 के पास तरल पदार्थ का रिसाव हुआ है, जो सीमित क्षेत्र तक ही था। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। हमारी टेक्निकल एवं ऑपरेशनल टीमें रिसाव की वजहों की जांच करने के साथ प्रभावित स्थल से तरल पदार्थ की निकासी शुरु कर चुकी है।
