राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान, पुणे ने बी.एन.वाई.एस. स्नातक पाठ्यक्रम 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए
आयुष मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान (एन.आई.एन.) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने प्रमुख परिसर निसर्गग्राम, येवलेवाड़ी, पुणे में प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान में स्नातक (बी.एन.वाई.एस.) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एन.आई.एन, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है, जो स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के माध्यम से प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग को बढ़ावा दे रहा है तथा महात्मा गांधी के प्राकृतिक चिकित्सा संबंधी दृष्टिकोण और परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। एनआईएन, लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली, एक केंद्रीय विश्वविद्यालय, से संबद्ध भारत सरकार का पहला संस्थान है जो बीएनवाईएस पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है। यह प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग की संस्थागत शिक्षा तथा शैक्षणिक मानकों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
बी.एन.वाई.एस. एक 5½ वर्षीय पूर्णकालिक आवासीय पेशेवर पाठ्यक्रम है, जिसमें 4½ वर्ष का शैक्षणिक एवं नैदानिक प्रशिक्षण तथा एक वर्ष की अनिवार्य रोटेटरी इंटर्नशिप (सी.आर.आर.आई.) शामिल है। पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग में समेकित शैक्षणिक शिक्षा के साथ व्यापक नैदानिक अनुभव प्रदान किया जाता है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं।
मान्यता प्राप्त बोर्ड से भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के साथ 10+2 या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी, निर्धारित शैक्षणिक योग्यता एवं चिकित्सीय स्वस्थता संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने पर आवेदन के पात्र होंगे। नीट-यूजी 2026 परीक्षा में शामिल हो चुके अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं, तो निर्धारित प्रवेश प्रक्रिया और आरक्षण मानदंडों के अनुसार 10+2 में भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट के क्रम में सीटें भरी जाएंगी।
एनआईएन का प्रमुख परिसर निसर्गग्राम 25 एकड़ भूमि में फैला हुआ है। परिसर में 250 बिस्तरों वाला प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल, शैक्षणिक एवं अनुसंधान सुविधाएं, छात्रावास, अत्याधुनिक योग कक्ष तथा आधुनिक प्राकृतिक चिकित्सा उपचार संबंधी अवसंरचना उपलब्ध है। ये सुविधाएं विद्यार्थियों को शिक्षा, नैदानिक प्रशिक्षण, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक समेकित वातावरण प्रदान करती हैं।
प्रमुख तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ: 29 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि: 19 अक्टूबर 2026, शाम 5:00 बजे
- अनंतिम मेरिट सूची: 27 अक्टूबर 2026
- अंतिम मेरिट/प्रतीक्षा सूची: 30 अक्टूबर 2026
- काउंसलिंग: 12-13 नवंबर एवं 18-19 नवंबर 2026
- कक्षाएं प्रारंभ: 30 नवंबर 2026
