Suicide: नीम के पेड़ पर बेटे संग फंदे से लटक गई मां, पिता को फोन कर कफन लाने को कहा...सामने आई बड़ी वजह
Suicide: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक बड़ी खबर आई है। यहां एक विवाहिता ने अपने दो साल के बच्चे के साथ फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सास से झगड़े के बाद विवाहिता ने अपने पिता को फोन कर कफन लाने को कहा। पिता ने ससुराल वालों पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। हमीरपुर निवासी संतराम की बेटी शिल्पी (26) की शादी चार साल पहले बुधपाल निषाद से हुई थी। महिला का दो साल का बेटा बबुआ भी है। उसका पति बुधपाल गुजरात के सूरत में प्राइवेट नौकरी करता है। उसका पति एक महीने पहले ही गांव लौटा था। परिवार में सास कलावती और ससुर रामऔतार रहते हैं। किसी बात पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शिल्पी का सास कलावती से विवाद हुआ। इसके बाद शिल्पी बच्चे को लेकर घर से निकल गई। रास्ते में पिता संतराम को फोन कर बोली कि उसके लिए कफन ले आएं। पिता ने फौरन पुत्री के ससुर व दामाद को सूचना दी। करीब दो घंटे तक परिजन खोजबीन में जुटे रहे। घर से करीब दो किमी दूर गांव किनारे नीम के पेड़ पर एक ही साड़ी के फंदे से लटके मां-बेटे मिले। आधी साड़ी के फंदे में शिल्पी और दूसरे छोर पर बच्चे के गले में फंदा कसा हुआ था। पिता ने बताया कि बेटी तीन माह की गर्भवती थी। सास कलावती गाली गलौज व मारपीट कर प्रताड़ित करती थी। ससुर रामऔतार और दामाद शराब के नशे में बेटी को प्रताड़ित करते थे। प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदरलाल श्रीवास्तव ने बताया कि ससुरालियों को हिरासत में लिया गया है।
