बाइक चोरी के शक में नाबालिग को पुलिस थाने में थर्ड डिग्री, अब मौत से लड़ रहा जंग
निजी अस्पताल में भर्ती
मिली जानकारी के अनुसार, चौपानकी थाना क्षेत्र के गांव झिवाना के रहने वाले सतबीर ने बताया कि 21 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे भिवाड़ी फेस थर्ड थाने से आए पुलिसकर्मियों ने उनके 16 वर्षीय लड़के को घर से जबरन उठाया था। आरोप है कि बाद में फोन पर लड़के ने रोते हुए मारपीट की जानकारी दी। 22 अप्रैल को स्वजन थाने पहुंचे तो उन्हें मिलने नहीं दिया गया। बाद में सूचना मिली कि लड़के को भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थर्ड डिग्री का आरोप
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने पर लड़का बेहोशी की हालत में वेंटिलेटर पर मिला। डाक्टरों ने हालत गंभीर बताकर उसे जयपुर के निम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को बाइक चोरी के शक में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था।
मिली जानकारी के अनुसार, वहीं स्वजन ने थाना प्रभारी दारा सिंह मीणा, सिपाही गोपाल, गोविंद, पवन यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर अवैध हिरासत, मारपीट और थर्ड डिग्री यातना देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में स्वजन और बड़ी संख्या में अन्य लोग रविवार देर शाम चौपानकी थाने पहुंचे और धरना देकर पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी की। रात करीब 9 बजे पूर्व विधायक संदीप यादव और कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान भी धरने में शामिल हुए तथा विरोध प्रदर्शन के बाद देर रात पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली।
"पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू को सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।"
-बृजेश उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी।
