Maruti Suzuki ने बनाया बड़ा रेकॉर्ड! एक महीने में इतने लाख गाड़ियों की सर्विसिंग

 
Maruti Suzuki ने बनाया बड़ा रेकॉर्ड! एक महीने में इतने लाख गाड़ियों की सर्विसिंग
Maruti Suzuki Cars Servicing Record: कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने एक बड़ा नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। आपको बता दें कि कंपनी ने मई 2025 में अपने सर्विस नेटवर्क के माध्यम से एक महीने में 24.5 लाख से ज्यादा गाड़ियों की सर्विस की है। जो कि मारुति के इतिहास में सबसे ज्यादा है। मारुति सुजुकी अपने ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने के लिए शहरों और गांवों में अपने सर्विस सेंटर बढ़ा रही है। कंपनी का लक्ष्य है कि 2030-31 तक सर्विस सेंटर्स की संख्या 8,000 तक हो जाए। कंपनी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी सर्विस सेंटर तैयार कर रही है।

मारुति1500 ईवी इनेबल्ड सर्विस सेंटर बना रही

मारुति सुजुकी के सर्विसिंग से जुड़े इस अनोखे रेकॉर्ड में पेड सर्विस, फ्री सर्विस और रिपेयरिंग जैसे काम शामिल थे। मौजूदा समय में देशभर में कंपनी के 5400 से ज्यादा सर्विस सेंटर हैं। कंपनी आने वाले समय में 1500 ईवी इनेबल्ड सर्विस सेंटर बना रही है, जो कि 1000 से ज्यादा शहरों में होंगे। यहां ईवी गाड़ियों से जुड़ीं सभी मदद मिलेंगी।

‘अच्छा सर्विसिंग एक्सपीरियंस देने पर फोकस’

मारुति के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हिसाशी ताकेउचि ने इस बारे में कहा कि कंपनी के इतिहास में ऐसा पहली बार है कि हमने एक महीने में 24.5 लाख से ज्यादा सर्विसिंग की है। यह एक ऐसी उपलब्धि है, जो सर्विस नेटवर्क के स्तर, गहराई और दक्षता को दर्शाती है। यह देश भर में हमारी सर्विस टीमों और डीलर पार्टनर्स के अथक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अच्छी सर्विस से गाड़ियां ठीक रहती हैं और ग्राहकों को अच्छा अनुभव मिलता है। इससे ग्राहक हमेशा कंपनी के साथ जुड़े रहते हैं।

ग्राहकों को बेहतर सुविधा देने की कोशिशें

मारुति सुजुकी ने ग्राहकों की सुविधा के लिए कई नए तरीके अपनाए हैं। अब ग्राहक छोटी-मोटी जानकारी से लेकर पूरी गाड़ी की सर्विस तक, सब कुछ आसानी से करवा सकते हैं। कंपनी ने जगह-जगह वर्कशॉप बनाए हैं। इसके अलावा, मोबाइल वर्कशॉप भी हैं, जो ग्राहकों के घर पर जाकर सर्विस देती हैं। किसी को अगर सड़क पर अचानक मदद चाहिए, तो कंपनी की क्विक रिस्पॉन्स टीम तुरंत पहुंच जाती है। यह टीम देश भर में 24 घंटे मदद के लिए तैयार रहती है। मारुति सुजुकी ने सर्विस को बेहतर बनाने के लिए एआई-बेस्ड चैटबॉट और वॉयस बॉट भी शुरू किए हैं।