Hisar Airport: हिसार एयरपोर्ट से आज से शुरू होगी चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट, सीएम सैनी करेंगे उद्घाटन
Jun 9, 2025, 07:09 IST
Hisar Airport: : हरियाणा के महाराजा अग्रसेन हिसार एयरपोर्ट (Maharaja Agrasen Hisar Airport) से चंडीगढ़ (Hisar-Chandigarh flight) के लिए आज से फ्लाइट्स सेवा शुरू होगी। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी (Haryana CM Nayab Saini) सोमवार को दोपहर करीब 3.20 बजे इस सेवा का उद्घाटन करेंगे। जानकारी के मुताबिक, हिसार से पहली फ्लाइट चंडीगढ़ करीब 4.30 बजे पहुंचेगी। वापसी की फ्लाइट चंडीगढ़ से शाम 4.55 बजे रवाना होगी और शाम 5.55 बजे हिसार में पहुंचने की उम्मीद है। एलायंस एयर की जारी हिसार-चंडीगढ़ की फ्लाइट की लिस्ट की मानें, तो एटीआर-72 विमान दोनों शहरों के बीच सप्ताह में दो बार उड़ान भरेगा। जिसकी उड़ान का समय लगभग 60-70 मिनट होगा। शुरुआती उड़ान का एक तरफ का किराया 1,449 से 1,704 रुपये निर्धारित किया गया है । पिछले महीने शुरू हुई थी चंडीगढ़ के लिए ट्रेन हिसार और चंडीगढ़ के बीच की दूरी 252 किलोमीटर है और सड़क मार्ग से यह यात्रा लगभग चार से पांच घंटे में पूरी हो जाती है। ट्रेन से यह यात्रा लगभग सात घंटे में पूरी हो जाती है। पिछले महीने हिसार को चंडीगढ़ से जोड़ने वाली एक ट्रेन हिसार के रायपुर रेलवे स्टेशन से शुरू की गई थी। यह ट्रेन हिसार से सुबह करीब 2.25 बजे चलती है और सुबह करीब 9 बजे चंडीगढ़ पहुंचती जाती है। हिसार एयरपोर्ट का काम अभी जारी दरअसल, हिसार एयरपोर्ट पर काम जारी है। सरकार ने एयरपोर्ट पर निर्माण/विस्तार कार्य को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण का काम, जिसमें नागरिक उड्डयन घरेलू टर्मिनल और तीन विमान हैंगर शामिल हैं, 2018 में 50 करोड़ रुपये की लागत से पूरा हुआ था। जबकि, 250 करोड़ रुपये की लागत से रनवे का विस्तार 4,000 फीट से 10,000 फीट तक पूरा हो चुका है। एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधाएं स्थापित की गई हैं। एयरपोर्ट विस्तार के दूसरे चरण में एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर, स्टाफ क्वार्टर, फायर स्टेशन और मेंटेनेंस बिल्डिंग का निर्माण भी पूरा हो चुका है। पीएम मोदी ने किया था उद्घाटन बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 14 अप्रैल को हिसार-अयोध्या उड़ान को हरी झंडी दिखाकर हिसार हवाई अड्डे से उड़ान संचालन का उद्घाटन किया।
