Haryana Rain Alert: हरियाणा के कई जगहों में हल्की बारिश, इन जिलों में जारी है भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

 
Haryana Rain Alert: हरियाणा के कई जगहों में हल्की बारिश, इन जिलों में जारी है भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
Haryana Rain Alert: हरियाणा के कई जगहों में हल्की बारिश, इन जिलों में जारी है भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट


Haryana Rain Alert: हरियाणा पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम बदल गया है। वहीं मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट के बीच हरियाणा में मौसम ने करवट ले ली है।


प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ और निकटवर्ती पंचकुला जिले में हल्की बारिश हुई है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे पंचकुला और चंडीगढ़ में बूंदाबांदी हुई। फिलहाल हरियाणा के अन्य इलाकों में बारिश के आसार हैं और बादल छाए हुए हैं।


मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र ने बुधवार को हरियाणा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और छह जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।


साथ ही पंचकुला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, करनाल और यमुनानगर के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 3 फरवरी से पहले राज्य में एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है और ऐसे में मौसम खराब रहेगा।


मंगलवार को हरियाणा के हिसार में रात का तापमान गिरकर 9.7 डिग्री पर पहुंच गया। इसी तरह भिवानी में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, फतेहाबाद में 9.7 डिग्री और सिरसा में 9.4 डिग्री रहा। 


वहीं, हरियाणा के कई जिलों में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। दिन में दृश्यता 50 से 60 मीटर के बीच रही। बादल छाने से रात का तापमान बढ़ गया है। सोनीपत समेत अन्य इलाकों में कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है।


अंबाला के अलावा दिल्ली से सटे हरियाणा के बहादुरगढ़ में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बहादुरगढ़ में विजिबिलिटी महज 10 मीटर के आसपास है। वाहन चालकों को वाहन चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


साथ ही स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। बहादुरगढ़ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और 6 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं।