Haryana Nuh Violence : हरियाणा के नूंह जिले में हिंसा भड़क उठी है। दो गुटों के बीच हुई झड़प में 09 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस बल को मौके पर भेजा गया है। घटना के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पथराव और हिंसक झड़प के दृश्य देखे जा सकते हैं। फायरिंग के भी आरोप लगे हैं।
सिगरेट खरीदने के विवाद से बढ़ा बवाल
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के गांव घाटा शमशाबाद में सिगरेट की डिब्बी खरीदने को लेकर ग्राहक और दुकानदार के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई, और दोनों पक्षों ने लाठी-डंडे चलाए और पथराव किया। इस झगड़े में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई लोगों को सिर और हाथ-पैर में गहरी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया है।
वीडियो में दिखा हिंसक हमला
वायरल वीडियो में भीड़ द्वारा किए गए पथराव और लाठी-डंडों से हमला करने के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, एक पक्ष से दो और दूसरे पक्ष से नौ लोग घायल हुए हैं।
झड़प में घायल युवक ने बताई पूरी घटना
एक घायल युवक ने बताया कि हमलावर पहले से योजना बनाकर बैठे थे। उन्होंने पहले उसके पिता पर हमला किया और फिर उसे भी मारा गया। घायल अंसारी ने बताया कि एक व्यक्ति नशे में धुत था और सिगरेट खरीदने आया था। दुकानदार द्वारा 120 रुपये बताने पर उसने 100 रुपये देने की बात कही, जिसके बाद वह गुस्से में वहां से चला गया। थोड़ी देर बाद अपने साथ कुछ और लोगों को लेकर आया और हमला कर दिया।
50 से अधिक लोगों ने किया हमला, फायरिंग के आरोप
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि वह नमाज पढ़ने गए थे, तभी फोन आया कि उनके घर पर हमला हुआ है। उनके अनुसार, करीब 50 लोगों ने हमला किया और गोलियां चलाईं।
पुलिस जांच में जुटी, अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं
फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी अमन सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शिकायत मिलने पर जांच शुरू की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हरियाणा के नूंह जिले में हुई इस झड़प ने इलाके में तनाव बढ़ा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए ताजा अपडेट के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।