Haryana News: हरियाणा में बदमाशों को लेकर सख्त हुई सैनी सरकार, चलेगा हाई ऑक्टेन अभियान, जारी होगा हेल्पलाइन नंबर
Haryana News: हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के कानून-व्यवस्था की स्थिति और आबकारी नीलामी की प्रगति की हाई लेवल बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान अपराधियों के खिलाफ 'हाई ऑक्टेन अभियान' चलाने और हरियाणा में पुलिस की प्रभावी और उत्तरदायी उपस्थिति रखने के निर्देश दिए गए। सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जानकारी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र में ठेकेदारी की हत्या की रिपोर्ट पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिन नागरिकों को धमकी या फिरौती संबंधी कॉल मिल रही हैं, उन्हें त्वरित सुरक्षा प्रदान की जाए। इस उद्देश्य के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर जारी कर उसे इमरजेंसी सेवा ‘112’ से लिंक करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आबकारी एवं कराधान विभाग की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आबकारी नीलामी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने और राज्य को मिलने वाले राजस्व को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आबकारी नीलामी में अब तक विभाग 934 आबकारी जोन की नीलामी के साथ अधिकांश आबकारी जोन की नीलामी करने में सक्षम रहा है और पिछले साल के 5037 करोड़ रुपये की तुलना में इस बार 11,054 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। नीलामी के दौरान अब तक अच्छी प्रतिक्रिया प्राप्त हुई है।
