Haryana News: हरियाणा में यात्रियों से भरी रोडवेज की बस पलटी, CRPF जवान के इकलौते बेटे की दर्दनाक मौत, कई घायल
May 26, 2025, 15:00 IST
Haryana News: हरियाणा के हिसार जिले में सोमवार सुबह यात्रियों से भरी हरियाणा रोडवेज की बस पलट गई है। इस हादसे में बस में सवार एक छात्र की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि छात्र अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वहीं हादसे में 4 छात्राओं को भी गंभीर चोटें आई हैं। जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा राजली रेलवे फाटक से कुछ ही दूरी पर हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां राजली-बहबलपुर रोड पर आंधी के कारण पेड़ गिरा था। इसी के चलते बस ड्राइवर ने बस के एक हिस्से को साइड में कच्चे रास्ते में उतारकर वहां से निकालने का प्रयास किया, लेकिन बारिश के कारण जमीन गीली होने की वजह से बस का एक हिस्सा धंस गया और बस चालक बस को क्ट्रोल नहीं कर पाया और बस पलट गई। बताया जा रहा है कि हरियाणा रोडवेज की 52 सीटर बस में करीब 65 यात्री सवार थे। इसमें ज्यादातर कोचिंग सेंटर और स्कूल के छात्र थे। खबरों की मानें, तो मृतक छात्र की पहचान खुशी मोहम्मद (20) के रुप में हुई है। वह राजली गांव का रहने वाला था। खुशी मोहम्मद कंप्यूटर का कोर्स कर रहा था। उसके पिता फूलदीन सीआरपीएफ में है और अभी वह दिल्ली में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि छात्र के पिता सोमवार सुबह ही अपनी ड्यूटी पर गए थे। बेटे की मौत की सूचना मिलने के बाद पिता दिल्ली से वापस लौट आए हैं।
