Haryana News: हरियाणा में प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर, अब नहीं होगी इस दस्तावेज की जरूरत
May 30, 2025, 12:14 IST
Haryana News: झज्जर के डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने प्लॉट धारकों को राहत देते हुए एक अवसर प्रदान किया है। अब पंजीकृत सेल डीड या उपहार डीड के आधार पर संपत्ति (प्लॉट) का हस्तांतरण बिना ट्रांसफर परमिशन के आगामी 30 जून तक किया जा सकता है। एचएसवीपी की इस घोषणा से प्लॉट धारकों और खरीदारों को लाभ मिलेगा, जो अब समय और प्रक्रिया की जटिलता से मुक्त होकर आसानी से प्लॉट का हस्तांतरण कर सकेंगे। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शेष सभी नियम और शर्तें यथावत बनी रहेंगी। इच्छुक आवेदक अधिक जानकारी के लिए संबंधित एचएसवीपी कार्यालय में संपदा अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं। विभाग की वेबसाइट https://vsss.hsvphry.org.in पर अधिक विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। डीसी ने प्लाट धारकों से इस अवसर का लाभ उठाने और तय समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है। इससे न केवल संपत्ति से जुड़े मामलों का समाधान सहज होगा, बल्कि सरकारी प्रणाली में पारदर्शिता और सुगमता भी बढ़ेगी।
