Haryana News: हरियाणा में ED की बड़ी कार्रवाई, पूर्व विधायक और HSVP के अधिकारी को किया अरेस्ट
Jun 11, 2025, 07:41 IST
Haryana News: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) में हुए 72 करोड़ रुपये के वैट रिफंड फर्जीवाड़े में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को पूर्व अधिकारी सुनील कुमार बंसल और पूर्व विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को अरेस्ट कर लिया है। जानकारी के मुताबिक, रामनिवास सुरजाखेड़ा हुडा में सुपरिंटेंडेंट थे और वीआरएस लेकर राजनीति में आए थे। एक हिंदी अखबार की मानें, तो चंडीगढ़ ED की टीम ने दोनों आरोपियों को पंचकूला अतिरिक्त न्यायाधीश की कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को 5 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि अधिकारियों और बिल्डरों ने मिलकर फर्जी कंपनियों को यह राशि रिफंड की थी। जिसके चलते सात मार्च 2023 को HSVP के तत्कालीन मुख्य लेखा अधिकारी चमन लाल की शिकायत पर सुनील बंसल के खिलाफ पंचकूला सेक्टर-7 थाने में FIR दर्ज हुई थी। शिकायत में बताया गया कि PNB की चंडीगढ़ शाखा में HSVP के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर वित्तीय नुकसान पहुंचाया गया। 2015 से 2019 के बीच बैंक खाते से बिना किसी विशेष कारण के विभिन्न पार्टियों के पक्ष में करीब 72 करोड़ रुपये निकाले गए है। 72 करोड़ रुपये से ज्यादा का हो सकता है मामला खबरों की मानें, तो जांच में सामने आया है कि धोखाधड़ी 72 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं है। इसकी राशि दो से तीन गुना ज्यादा तक हो सकती है। इस मामले में पहले ED ने तीन अंतरिम कुर्की आदेश जारी किए थे। इस पर करीब 21 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं।
