हरियाणा के गब्बर अनिल विज का तुरंत एक्शन: घरेलू हिंसा की शिकायत पर रोहतक पीजीआई में SP को FIR के आदेश

 
हरियाणा के गब्बर अनिल विज का तुरंत एक्शन: घरेलू हिंसा की शिकायत पर रोहतक पीजीआई में SP को FIR के आदेश

रोहतक: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज एक बार फिर अपने तेज-तर्रार अंदाज और त्वरित कार्रवाई के लिए सुर्खियों में हैं। रविवार दोपहर को रोहतक पीजीआई पहुंचे अनिल विज ने न सिर्फ बीजेपी कार्यकर्ता सुरेंद्र तिवारी से मुलाकात की, बल्कि एक महिला की घरेलू हिंसा की शिकायत पर तुरंत एक्शन लिया। महिला ने परिजनों के साथ मंत्री से मिलकर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद अनिल विज ने रोहतक SP को फोन कर FIR दर्ज करने के सख्त निर्देश दिए।

घरेलू हिंसा की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई

रोहतक पीजीआई में ओमेक्स सिटी की एक महिला ने अपने परिजनों के साथ अनिल विज से मुलाकात की। महिला ने बताया कि उसके घरवालों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। उसने यह भी शिकायत की कि पुलिस में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह सुनते ही अनिल विज ने तुरंत रोहतक SP को फोन किया और कहा, "SP साहब, ओमेक्स सिटी की एक महिला को उसके घरवालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया है। यह इलाका IMT थाने के अंतर्गत आता है। बाकी काम बाद में, लेकिन पहले FIR दर्ज होनी चाहिए। आज की तारीख में ही FIR दर्ज करवाएं।"

महिला के साथ आए परिजनों ने भी मंत्री से न्याय की गुहार लगाई, जिसके जवाब में अनिल विज ने आश्वासन दिया कि पीड़िता को तुरंत राहत मिलेगी। उनकी इस त्वरित प्रतिक्रिया को देखकर लोग एक बार फिर उनके "गब्बर" अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।

बीजेपी कार्यकर्ता सुरेंद्र तिवारी से मिलने पहुंचे थे विज

अनिल विज का रोहतक पीजीआई दौरा असल में बीजेपी कार्यकर्ता सुरेंद्र तिवारी से मिलने के लिए था। अंबाला के रहने वाले सुरेंद्र तिवारी पिछले कई दिनों से रोहतक पीजीआई में भर्ती हैं। जानकारी के अनुसार, उन्हें इलाज के लिए मुंबई ले जाया गया था, लेकिन हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उन्हें वापस पीजीआई में भर्ती करवाया। इसकी खबर मिलते ही अनिल विज अपने कार्यकर्ता का हाल जानने और उन्हें जल्द ठीक होने का आश्वासन देने के लिए रोहतक पहुंचे।

हरियाणा के गब्बर का खास अंदाज

अनिल विज अपने सख्त और तुरंत फैसले लेने के अंदाज के लिए जाने जाते हैं। चाहे जनता दरबार में अधिकारियों को फटकार लगाना हो या पीड़ितों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, विज हमेशा चर्चा में रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हरियाणा के इस कैबिनेट मंत्री के लिए जनता की समस्याएं सर्वोपरि हैं।