Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में बनेगी 4 KM लंबी नई सड़क, दिल्ली से लेकर UP तक के लोगों को होगा फायदा
May 3, 2025, 13:11 IST
Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद के लोगों के राहत भरी खबर है। दरअसल, मोहना गांव से यमुना पोंटून पुल तक करीब 4 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के बनने से आसपास के 12 गांवों के 20 हजार से ज्यादा लोगों को फायदा मिलेगा। इस सड़क का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, इस चार किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माणा के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से पूरी तैयारियां कर ली गई है। सड़क निर्माणा के लिए कंपनियों के लिए टेंडर खोल दिया गया है और अगले 15 दिन में इस नई सड़क को बनाने का काम शुरू हो जाएगा। दरअसल, मोहना गांव से यमुना पर पोंटून पुल तक बनी सड़क पिछले कई सालों से टूटी हुई है और बरसात के दिनों में यहां पानी भर जाता है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने की वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है। जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस सड़क के बनने से रोजाना गुरजरने वाले हजारों लोगों को फायदा होगा। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का कहना है कि यह सड़क भले ही चार किलोमीटर लंबी हो। लेकिन, यह मोहना गांव को यमुना पोंटून पुल से कनेक्ट करती है, जो दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सीमा से संपर्क का एक प्रमुख रास्ता भी है। इससे बनने से दिल्ली और यूपी के लोगों को भी फायदा होगा। वर्तमान में सड़क खस्ता हाल होने के चलते न केवल ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है, बल्कि क्षेत्र में यातायात भी बाधित होता है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, किसानों और व्यापारियों को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। इसे लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष कई बार सड़क की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठाई थी। क्या बोले पीडब्ल्यूडी के अधिकारी पीडब्ल्यूडी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर प्रकाश लाल ने बताया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए टेंडर खोल दिया गया है। सरकार से मंजूरी के लिए एक पत्र लिखा गया है। मंजूरी मिलने के बाद ठेकेदार को काम सौंप दिया जाएगा। इस सड़क के काम को पूरा करने के लिए छह महीने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
