Haryana : हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला, विकास बराला की AAG पद पर नियुक्ति रद्द; जानें पूरा मामला

सरकार द्वारा 18 जुलाई को 95 से ज्यादा विधि अफसरों की लिस्ट जारी की गई थी। इस लिस्ट में विकास बराला का भी नाम शामिल था।
 
Haryana government canceled the appointment of Vikas Barala on the post of AAG

Haryana : हरियाणा सरकार द्वारा 18 जुलाई को 95 से ज्यादा विधि अफसरों की लिस्ट जारी की गई थी। इस लिस्ट में विकास बराला का भी नाम शामिल था। सरकार ने अपने इस फैसले पर यूटर्न लेते हुए विकास बराला की नियुक्ति को रद्द कर दिया है। विकास बराला अब AAG के पद पर ज्वाइन नहीं कर सकेंगे।

आपको बता दें कि विकास बराला के खिलाफ चंडीगढ़ कोर्ट में एक पूर्व IAS अधिकारी की बेटी का पीछा करने और अपहरण की कोशिश का मामला लंबित है। विकास बराला राज्यसभा सदस्य और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे हैं।

पूर्व IAS ने CM को लिखा था पत्र 

सरकार द्वारा जारी लिस्ट में विकास बराला को दिल्ली स्थित एडवोकेट जनरल के दिल्ली कार्यालय में सहायक महाधिवक्ता नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति का नाम सामने आने के बाद यह मामला फिर से सुर्खियों में आ गया। इस दौरान रिटायर्ड IAS ने इस पर आपत्ति जताते हुए CM को पत्र लिखकर विकास बराला की नियुक्ति को रद्द करने का अनुरोध किया था। 

पूर्व IAS की बेटी वर्णिका कुंडू ने भी सोशल मीडिया पर नियुक्ति के पीछे के नैतिक मानकों पर सवाल उठाया था। हालांकि विकास बराला ने एजी आफिस में अपना पद ग्रहण नहीं किया था। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार प्रवीण आत्रेय ने पुष्टि करते हुए कहा है कि हरियाणा सरकार ने विकास बराला की नियुक्ति निरस्त कर दी है। वे अब एजी आफिस का हिस्सा नहीं है।