हरियाणा के सिरसा में बड़ा हादसा, दादा दादी और 7 साल के पोते की दर्दनाक मौत
हरियाणा के सिरसा जिले के गांव पोहड़का के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दादा-पोते सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बेगू रोड निवासी ओम प्रकाश, संतोष रानी (55) और उनका 7 वर्षीय पोता केशव पुत्र बजरंग लाल कार में सवार होकर ऐलनाबाद से सिरसा लौट रहे थे। गांव पोहड़का के पास उनकी कार की सामने से आ रही एक पिकअप गाड़ी से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और पिकअप दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घायलों को तुरंत ऐलनाबाद के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने 7 वर्षीय केशव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओम प्रकाश और संतोष रानी को प्राथमिक उपचार के बाद सिरसा रेफर किया गया। सिरसा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान पहले ओम प्रकाश और बाद में संतोष रानी ने भी दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आगे की कार्रवाई जारी है।
