चंडीगढ़: हरियाणा में लगातार तीन बड़े चुनाव (लोकसभा, विधानसभा और नगर निकाय) जीतने के बाद भाजपा सरकार ने जनता के लिए बड़े ऐलान किए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कई लोक-कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की और उनके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अपने मंत्रियों को सौंप दी है।
पीपीपी आमदनी की शर्त खत्म
प्रदेश सरकार ने विभिन्न सरकारी योजनाओं पर लागू परिवार पहचान पत्र (PPP) में दर्ज आय की शर्त को समाप्त कर दिया है। इससे अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य बीपीएल परिवारों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करना भी है।
महिलाओं को 2100 रुपये महीना
हरियाणा सरकार प्रत्येक विवाहित महिला (18 वर्ष से अधिक) को 2100 रुपये प्रतिमाह देने वाली पहली राज्य सरकार बनने जा रही है। यह योजना 1 नवंबर 2024 से लागू होगी। भुगतान अप्रैल 2025 से शुरू होगा और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी इसकी देखरेख करेंगी।
गैस सिलेंडर पर सब्सिडी
प्रदेश की महिलाओं को हर साल 500 रुपये प्रति सिलेंडर की दर से असीमित संख्या में रसोई गैस सिलेंडर मिलेंगे। इस योजना के लिए महिला को सिर्फ हरियाणा का आधार कार्ड दिखाना होगा। यह योजना 1 जनवरी 2025 से लागू होगी और इसके सफल क्रियान्वयन की जिम्मेदारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर को दी गई है।
किसानों के लिए एमएसपी गारंटी कानून
मुख्यमंत्री ने स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) को बढ़ाने और उसकी कानूनी गारंटी देने की घोषणा की है। इसके लिए मौजूदा बजट सत्र में कानून पारित किया जाएगा। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा को इस कार्य की जिम्मेदारी दी गई है।
छात्राओं को मुफ्त स्कूटी और मासिक भत्ता
हरियाणा सरकार 9वीं से 12वीं कक्षा में पहले पांच स्थानों पर आने वाली छात्राओं को ‘अव्वल बालिका योजना’ के तहत मुफ्त स्कूटी देगी। साथ ही, पेट्रोल खर्च के लिए हर छात्रा को प्रतिमाह 1500 रुपये भी दिए जाएंगे। इस योजना की देखरेख शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और राजस्व मंत्री विपुल गोयल करेंगे।
36 बिरादरियों के लिए कल्याण बोर्ड
हरियाणा सरकार ने 31 मई 2025 तक 36 बिरादरियों के लिए अलग-अलग कल्याण बोर्ड गठित करने का ऐलान किया है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी अन्य बिरादरी का व्यक्ति इनमें शामिल न हो। इन बोर्डों का गठन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं देखेंगे।
5 लाख जरूरतमंदों को मकान
पीएम आवास योजना के तहत हरियाणा सरकार 5 लाख अत्याधुनिक मकान बनाएगी। यह लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा जिन्होंने पिछले तीन चुनावों में भाजपा को वोट दिया होगा। इन लाभार्थियों की सूची निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा तैयार करेंगे। मकानों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह को दी गई है।
युवाओं को अप्रेंटिसशिप और रोजगार
प्रदेश के 5 लाख युवाओं को अप्रेंटिसशिप देने की घोषणा की गई है, जिसमें पहले चरण में 10 हजार युवाओं को 10 अप्रैल 2025 तक उद्योगों में भेजा जाएगा। इसकी जिम्मेदारी श्रम मंत्री अनिल विज को दी गई है।
जोहड़-तालाबों की खुदाई से खनिज निकासी
हरियाणा के प्रत्येक जोहड़ और तालाब की वैज्ञानिक खुदाई की जाएगी, ताकि इनमें मौजूद बहुमूल्य खनिज निकाले जा सकें। इससे होने वाली आय सरकारी योजनाओं को चलाने में उपयोग की जाएगी। इस योजना को 30 जून 2025 तक शुरू किया जाएगा और खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार इसकी देखरेख करेंगे।
भाजपा कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता
हरियाणा सरकार ने भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों को सरकारी नौकरियों में प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, कृष्ण कुमार बेदी, आरती सिंह राव और राज्य मंत्री गौरव गौतम भाजपा कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करेंगे, ताकि सीईटी के परिणामों में उन्हें प्राथमिकता दी जा सके।
केंद्र से मिली बधाई, होली की खुशी दोगुनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने होली के मौके पर इन ऐलानों के बाद दिल्ली जाकर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्हें इन जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए केंद्रीय नेतृत्व की स्वीकृति और सराहना मिली है। हरियाणा सरकार के इन फैसलों से राज्य में बड़ा बदलाव आने की संभावना है। क्या आप इन योजनाओं से संतुष्ट हैं? अपनी राय हमें कमेंट में बताएं!