New Road : केंद्र सरकार लोगों को बेहतर यतायात सुविधा देने के लिए लगातार एक्सप्रेसवे, हाईवे और सड़कों का निर्माण कर रही है। इसी बीच राजस्थान के रुण्डेड़ा से जोहड़ा बावजी तक के 13 KM लंबे सड़क को अब केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत 19.50 करोड़ रुपए की लागत की मंजूरी मिल चुकी है। ऐसे में अब वल्लभनगर और फतहनगर तहसील को जोड़ने वाली सड़क जल्द ही चकाचक होने वाली है।
दर्जनों गांवों को जोड़ता है मार्ग
इस सड़क के निर्माण से न सिर्फ ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी, बल्कि दो महत्वपूर्ण तहसीलों के बीच सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा। यह मार्ग नेशनल हाईवे 48 मेनार, रुण्डेड़ा, ईंटाली, बड़गांव और फतेहनगर जैसे दर्जनों गांवों को जोड़ता है।
आम जन को करना पड़ता था परेशानी का सामना
इस सड़क को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लंबे समय से मांग उठाई जा रही थी कि रुण्डेड़ा बगरू चौराहा से ईंटाली होते हुए जोहड़ा बावजी तक का यह हिस्सा अत्यंत जर्जर है। बरसात के दिनों में यह मार्ग कीचड़ और जलभराव से चलने योग्य भी नहीं रहता था। कई बार वाहन बीच रास्ते में फंस जाते और स्कूली बच्चों, किसानों व मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। यह सड़क अब केंद्रीय स्वीकृति की सूची में शामिल की गई। अब 13 किमी सड़क को सीआरआइएफ के तहत स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा। सड़क निर्माण के बाद रुण्डेड़ा से फतेहनगर धानमंडी तक का सीधा संपर्क हो जाएगा। वहीं ग्रामीण किसानों और विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
जानें क्या है CRIF योजना
सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत राज्य सरकारों को प्रमुख ग्रामीण और अर्द्ध-शहरी सड़कों के निर्माण या उन्नयन के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। इसमें वे सड़कें चुनी जाती हैं जो किसी क्षेत्र विशेष की सामाजिक, आर्थिक और रणनीतिक दृष्टि से जरुरी होती हैं।
New Road