जिला टास्क फोर्स की बैठक में पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, जुलाई माह में लिंगानुपात में हुआ उल्लेखनीय सुधार
हिसार, 04 अगस्त।
जिला प्रशासन द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान एवं पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लगातार किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। मंगलवार को उपायुक्त महेंद्र पाल की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में वर्ष 2026 के जनवरी से जुलाई तक के जन्म पंजीकरण के आंकड़ों की समीक्षा की गई, जिसमें जुलाई माह में लिंगानुपात में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 में जिले का लिंगानुपात 817, फरवरी में 848, मार्च में 988, अप्रैल में 938, मई में 938, जून में 871 तथा जुलाई में बढक़र 947 तक पहुंच गया। जुलाई माह में कुल 2,740 जन्म दर्ज किए गए, जिनमें 1,407 बालक तथा 1,333 बालिकाएं शामिल हैं।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में कुल 18,273 जन्म दर्ज किए गए हैं। इनमें 9,605 बालक एवं 8,668 बालिकाएं शामिल हैं, जिससे जिले का संचयी लिंगानुपात 902 रहा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि फरवरी से जून 2026 के बीच जिले का औसत सीआरएस लिंगानुपात 914 रहा, जबकि फरवरी से जुलाई 2026 की अवधि में यह बढक़र 920 हो गया है। यह सुधार जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित विभागों द्वारा कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने, पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के सख्त पालन, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा जन-जागरूकता अभियानों के प्रभाव का परिणाम है।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित निगरानी, अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण, जन्म पंजीकरण की सतत समीक्षा तथा आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही लोगों से कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे आने और बेटियों के सम्मान एवं संरक्षण के लिए सहयोग करने का आह्वान किया गया।
जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों एवं समाज के सहयोग से जिले में लिंगानुपात में और अधिक सुधार लाने के लक्ष्य को हासिल किया जाएगा तथा बेटियों के सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल, बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, सीएमजीजीए अनमोल, नगराधीश रोहित कुमार, एएसपी मयंक मुदगिल, जिला परिषद सीईओ सुभाष चंद्र सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
