डीसी उत्तम सिंह ने बिजली अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 
डीसी उत्तम सिंह ने बिजली अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए किए जा रहे पुख्ता इंतजाम

डीसी ने दिए निर्देश, अस्पतालों, जलापूर्ति और मेट्रो जैसी आवश्यक सेवाओं की होगी विशेष निगरानी

गुरुग्राम, 

बिजली कर्मचारियों की 22 से 24 अक्टूबर तक प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर डीसी उत्तम सिंह ने बिजली अधिकारियों के साथ बैठक कर बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने और आवश्यक सेवाओं को निर्बाध जारी रखने के निर्देश दिए। 

उन्होंने अस्पतालों, जलापूर्ति, मेट्रो जैसी आवश्यक सेवाओं पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। डीसी ने कहा कि हड़ताल के दौरान नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बता दें कि ऑल इंडिया पावर कॉरपोरेशन तथा बिजली कर्मचारियों की विभिन्न यूनियनों द्वारा 22, 23 और 24 अक्टूबर 2026 को हड़ताल की घोषणा की गई है। हड़ताल में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के बड़ी संख्या में कर्मचारियों तथा विभिन्न कर्मचारी यूनियनों के सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। निगम द्वारा बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।

इससे पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बुधवार शाम प्रदेश के सभी डीसी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर हड़ताल के मद्देनजर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी यूनियनों की मांगों से संबंधित विषय पर हरियाणा सरकार अपील में जाएगी। उन्होंने कहा कि बातचीत के लिए सरकार के दरवाजे खुले हैं और सरकार कर्मचारियों के साथ है।

बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

डीसी ने बिजली अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसे जल्द से जल्द बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाए।उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो और बिजली आपूर्ति यथासंभव सुचारू बनी रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हड़ताल की अवधि के दौरान सतर्क रहने और शिकायतों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बिजली संबंधी आपात स्थिति में हेल्पलाइन एवं व्हाट्सऐप नंबरों पर करें संपर्क

डीसी उत्तम सिंह ने आमजन से अपील की कि बिजली आपूर्ति बाधित होने या किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के टोल फ्री नंबर 1912 और 180010804334 पर संपर्क करें। इसके अतिरिक्त, उपभोक्ता व्हाट्सऐप नंबर 8813999708 तथा 9540954768 पर भी बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

बैठक में डीएचबीवीएन के सर्कल 1 के अधीक्षण अभियंता श्यामवीर सैनी, सर्कल 2 के अधीक्षण अभियंता मनोज यादव, एचवीपीएनल के अधीक्षण अभियंता के. के सरकार मौजूद रहे।