बेटी ने लव मैरिज के बाद थाने में मां बाप को पहचानने से किया इंकार, परिवार ने जिंदा बेटी का कर दिया अंतिम संस्कार 

खाचरौद की रहने वाली करीब 18 वर्षीय युवती ने अपनी पसंद से दूसरे समाज के युवक से प्रेम विवाह कर लिया। इस फैसले से नाराज परिजनों ने बेटी से सभी पारिवारिक और सामाजिक संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया
 
बेटी ने लव मैरिज के बाद थाने में मां बाप को पहचानने से किया इंकार, परिवार ने जिंदा बेटी का कर दिया अंतिम संस्कार ​​​​​​​

मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरौद से एक बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पर बेटी के लव मैरिज से आहत होकर परिवार ने जिंदा बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया, वहीं बेटी के साथ साथ सारे रिश्ते तोड़ दिये। परिजनों ने जीवित बेटी को परिवार से बेदखल कर दिया और अंतिम संस्कार की सभी रस्में निभाई। 

प्रेम विवाह के बाद परिवार ने खत्म किया रिश्ता

खाचरौद की रहने वाली करीब 18 वर्षीय युवती ने अपनी पसंद से दूसरे समाज के युवक से प्रेम विवाह कर लिया। इस फैसले से नाराज परिजनों ने बेटी से सभी पारिवारिक और सामाजिक संबंध समाप्त करने का निर्णय लिया। परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने निर्णय पर कायम रही।

तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार

परिजनों ने सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार बेटी की तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। इस दौरान 'गोरनी' सहित अन्य पारंपरिक रस्में भी निभाई गईं। परिवार ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की कि अब उनका बेटी से कोई संबंध नहीं रहेगा। कार्यक्रम में समाज के कई लोग भी मौजूद रहे।

थाने में भी नहीं बदला फैसला

परिवार के मुताबिक मामला पुलिस थाने तक पहुंचा था। वहां भी युवती को घर लौटने और अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए समझाया गया, लेकिन उसने अपनी पसंद के साथ रहने का निर्णय बरकरार रखा। परिजनों का आरोप है कि थाने में भी युवती ने परिवार के साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिवार ने सामाजिक परंपरा के अनुसार उसे परिवार से अलग घोषित कर दिया।

इलाके में चर्चा का विषय बनी घटना

इस अनोखी घटना के बाद पूरे खाचरौद और आसपास के क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है। परिवार के इस फैसले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल यह मामला सामाजिक स्तर पर बहस का विषय बना हुआ है।