हरियाणा सरकार का बड़ा ऐलान: बीमा नहीं कराने वाले किसानों को भी फसलों के नुकसान का मुआवजा देगी सैनी सरकार
चंडीगढ़: हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने किसानों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने घोषणा की है कि बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। खास बात यह है कि जिन किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा नहीं कराया है, उन्हें भी इस योजना के तहत मुआवजे का लाभ मिलेगा।
गैर-पंजीकृत किसान भी करा सकते हैं नुकसान का पंजीकरण
सरकार ने ऐसे किसानों के लिए विशेष राहत योजना लागू की है, जिन्होंने अपनी फसल का बीमा नहीं कराया था। मुख्यमंत्री सैनी ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे गैर-पंजीकृत किसान अगले तीन दिनों के भीतर ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपने फसल नुकसान की जानकारी दर्ज कराएं। इसके बाद कृषि विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेंगे और रिपोर्ट सरकार को सौंपेंगे।
तीन दिनों में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ बैठक की। उन्होंने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि तीन दिनों के भीतर प्रभावित किसानों की फसलों की गिरदावरी पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंपें। सरकार इस रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा प्रक्रिया को जल्द शुरू करेगी, ताकि किसानों को राहत जल्द से जल्द मिल सके।
फसलों की गिरदावरी जारी, जल्द शुरू होगी मुआवजा प्रक्रिया
प्रदेश के विभिन्न जिलों में फसल गिरदावरी का काम पहले ही शुरू हो चुका है। अनुमान के मुताबिक, बुधवार देर शाम तक सभी जिलों से नुकसान का पूरा ब्योरा सरकार के पास पहुंच जाएगा। इसके बाद प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
हरियाणा सरकार का किसानों को भरोसा
हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों को किसी भी प्रकार की आर्थिक समस्या से जूझने नहीं दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों के हर संकट में उनके साथ खड़ी है और उन्हें उनका हक दिलाने के लिए हरसंभव कदम उठाएगी।
यदि आपकी फसल भी बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से खराब हुई है, तो तुरंत ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर पंजीकरण कराएं और सरकारी सहायता प्राप्त करें।
ताजा अपडेट्स और हरियाणा की अन्य बड़ी खबरों के लिए हमारे साथ जुड़े रहें।
