सीआईए फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी, खाराखेड़ी के पास फायरिंग कर 7.47 लाख रुपये की लूट का महज 43 घंटे में पर्दाफाश

 
सीआईए फतेहाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी, खाराखेड़ी के पास फायरिंग कर 7.47 लाख रुपये की लूट का महज 43 घंटे में पर्दाफाश

 

– मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपी काबू, लूटी गई राशि में से 1 लाख 30 हजार रुपये बरामद

– वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद, हिसार के होटल में रची गई थी लूट की साजिश

– न्यायालय के माध्यम से करवाई जाएगी आरोपियों की शिनाख्त परेड, पहचान प्रक्रिया के मद्देनजर पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं

फतेहाबाद, 08 सितंबर। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार चलाए जा रहे “अपराध मुक्त फतेहाबाद” अभियान के तहत सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए गांव खाराखेड़ी के नजदीक सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर 7 लाख 47 हजार रुपये की लूट की वारदात का महज 43 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य साजिशकर्ता सहित चार आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों से लूटी गई राशि में से 1 लाख 30 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।


                  जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस ने बताया कि 05 सितंबर को शाम करीब 6:30 बजे गांव खाराखेड़ी के नजदीक सारंगपुर रोड पर फायरिंग कर नकदी लूटने की वारदात की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्र तथा सीआईए फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार अपनी-अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।


                  उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता संदीप कुमार निवासी आदमपुर, जिला हिसार की शिकायत पर थाना सदर फतेहाबाद में अभियोग नंबर 357 दिनांक 06.09.2026, धारा 126, 324(4), 309(1), 3(5) बीएनएस तथा 25-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।


                  एएसपी ने बताया कि सीआईए फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर से मिली सूचनाओं तथा अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस टीम ने कड़ियों को जोड़ते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। सीआईए फतेहाबाद व थाना सदर फतेहाबाद पुलिस की समन्वित कार्रवाई में चार आरोपियों को काबू किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लूटी गई राशि में से 1 लाख 30 हजार रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त कार बरामद की है।


हिसार के टुडे होटल में रची गई थी लूट की साजिश
                 एएसपी श्रीमती दिव्यांशी सिंगला ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता की रिश्तेदारी में लगने वाला एक आरोपी पूर्व में एक आपराधिक मामले में हिसार जेल में बंद था। जेल में उसकी कुछ अन्य आरोपियों से जान-पहचान हुई थी। करीब 25 दिन पहले जेल से बाहर आने के बाद उसने अपने साथियों से दोबारा संपर्क किया।


                 जांच में सामने आया कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपियों ने हिसार स्थित टुडे होटल में बैठक कर लूट की वारदात की साजिश रची। इसके बाद शिकायतकर्ता की नकदी संबंधी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई और वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना तैयार की गई।


                 पुलिस जांच के अनुसार 05 सितंबर को शिकायतकर्ता नकदी लेकर जा रहा था। उसकी गतिविधियों की जानकारी आरोपियों के साथियों तक पहुंचाई गई, जिसके बाद कार में सवार आरोपियों ने सारंगपुर रोड पर शिकायतकर्ता की गाड़ी के आगे फायरिंग कर उसे रोका और 7 लाख 47 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए।


न्यायालय के माध्यम से करवाई जाएगी शिनाख्त परेड
                  एएसपी ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। साथ ही नियमानुसार न्यायालय के माध्यम से आरोपियों की टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड (TIP)/शिनाख्त परेड करवाई जाएगी। शिनाख्त प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के मद्देनजर आरोपियों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा रही है।


                  पुलिस रिमांड के दौरान शेष लूटी गई राशि, वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी तथा मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका के संबंध में गहन पूछताछ की जाएगी।


                   फतेहाबाद पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराधी चाहे कितनी भी सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दें, पुलिस उन्हें कानून के शिकंजे में लाकर रहेगी। गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।