केन्द्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को इस बार जल्दी मिलेगी सैलरी, 25 सितंबर को ही खाते में ट्रांसफर हो जाएंगे पैसे
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर है। इस बार कर्मचारियों को तय समय से पहले ही सैलरी मिल जाएगी। सामान्य तौर पर महीने के अंत में मिलने वाली सितंबर की सैलरी और पेंशन इस बार 25 सितंबर को ही कर्मचारियों और पेंशनर्स के खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
दरअसल, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए ये फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय (व्यय विभाग, महालेखा नियंत्रक) द्वारा 23 सितंबर 2026 को जारी आधिकारिक कार्यालय ज्ञापन (Office Memorandum) के अनुसार, यह निर्णय देशव्यापी बैंक हड़ताल की संभावना को देखते हुए लिया गया है।
वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के अनुसार, 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। इस दौरान बैंकिंग लेनदेन और सेवाओं में संभावित व्यवधान के चलते कर्मचारियों व पेंशनर्स को परेशानी न हो, इसलिए सरकार ने समय से पहले भुगतान करने का निर्देश दिया है।
वित्त मंत्रालय ने जारी किए आदेश
वित्त मंत्रालय के आदेश के अनुसार रक्षा (Defence), डाक (Posts) और दूरसंचार (Telecommunications) सहित सभी केन्द्रीय सरकारी विभागों के कर्मचारियों का वेतन 25 सितंबर 2026 को जारी किया जाएगा। वहीं सभी केन्द्रीय पेंशनभोगियों की पेंशन और औद्योगिक कर्मचारियों का वेतन भी 25 सितंबर को ही एडवांस के रूप में ट्रांसफर कर दिया जाएगा।
अक्टूबर में होगा समायोजन
इस भुगतान को एडवांस माना जाएगा और पूरे महीने के वेतन/पेंशन के अंतिम निर्धारण के बाद यदि कोई समायोजन (adjustment) शेष रहता है, तो वह अक्टूबर 2026 के वेतन में किया जाएगा।
बता दें कि हड़ताल की अवधि चालू तिमाही के अंतिम दिनों में पड़ रही है, इसलिए वित्त मंत्रालय ने अन्य आवश्यक बैंकिंग लेनदेन भी समय रहते एडवांस में निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) और सभी संबंधित मंत्रालयों को इस आदेश के तत्काल अनुपालन के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
