जनगणना-2027 में नागरिक, सही जानकारी देकर बने राष्ट्र निर्माण के भागीदार : डीसी
जिला जनगणना पुस्तिका के अपडेटेशन को लेकर आपसी समन्वय से कार्य करें अधिकारी- कर्मचारी: डीसी
झज्जर, 4 अगस्त।
डीसी एवं प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जनगणना 2027 देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा भविष्य की नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जनगणना के दौरान सही, पूर्ण एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाए।
डीसी मंगलवार को जनगणना निदेशालय हरियाणा के निदेशक से वीसी उपरांत अधिकारियों की बैठक में आगामी चरण की तैयारियों की समीक्षा कर रही थीं। इस बीच उन्होंने अधिकारियों से जिला जनगणना पुस्तिका के अपडेटेशन को लेकर जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए।
डीसीएचबी जिला की एक महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तिका
डीसी वर्षा खांगवाल ने जनगणना-2027 की तैयारियों के चलते जिला जनगणना पुस्तिका (डीसीएचबी) अपडेट करने संबंधी जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला जनगणना पुस्तिका तैयार करने की प्रक्रिया, डाटा संकलन एवं उसके महत्व को लेकर पहले ही सम्बंधित कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि डीसीएचबी जिले की एक महत्वपूर्ण संदर्भ पुस्तिका है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, भूमि, बैंकिंग, परिवहन, संपर्क व्यवस्था सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विस्तृत विवरण संकलित किया जाएगा। इसके लिए सभी गांवों और शहरी क्षेत्रों में नियुक्त कर्मचारी इस कार्य को तत्काल पूरा करना सुनिश्चित करें।
गणना कर्मियों को सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं नागरिक
प्रधान जनगणना अधिकारी वर्षा खांगवाल ने कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से नाम, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, धर्म, भाषा, शिक्षा का स्तर, अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति से संबंधित जानकारी, रोजगार एवं आजीविका सहित विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पहलुओं का विवरण एकत्रित किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गणना कर्मियों को सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि जिला झज्जर की विकास योजनाएं वास्तविक आंकड़ों के आधार पर तैयार की जा सकें।
डीसी ने जिला के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे जनगणना को केवल सरकारी प्रक्रिया न समझें, बल्कि इसे राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण दायित्व मानते हुए सक्रिय सहयोग करें। सही आंकड़े ही बेहतर योजनाओं, प्रभावी विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों की मजबूत नींव बनते हैं।
इस अवसर पर सीटीएम रितु, डीआरओ मनवीर सिंह सांगवान सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।
